
हे भगवान! कहां मर गई इंसानियत,हदें पार कर गई हैवानियत,हे भगवान! कहां मर गई इंसानियत,हदें पार कर गई हैवानियत
अजमेर. अपराधियों में कानून का भय नहीं रहा। सख्ती जितनी बरती जा रही है। उतने ही अपराध भी बढ़ गए। खासकर महिलाओं पर अत्याचार के मामले बढऩे से आमजन गुस्से में हैं। हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ जो बर्बरता हुई। उसे लेकर लोग कह रहे हैं...हे भगवान! कहां मर गई इंसानियत। हैवानियत की सभी हदें पार हो गई।
टोंक जिले में एक मासूम से दुष्कर्म के बाद गला घोटकर उसे मौत की नींद सुला दिया। अजमेर जिले में भी दुष्कर्म के कई मामले उजागर हुए हैं। चाहे वह शादी का झांसा देकर देह शोषण का मामला हो या प्रेम प्रसंग का।
इस साल दुष्कर्म के बढ़े ग्राफ से हर कोई सोचने को मजबूर है कि आखिर अफराधी इतने बेखौफ क्यों हो गए हैं। निर्भया हत्याकांड के बाद कानून सख्त भी बना है,लेकिन दुष्कर्म के मामलों में कोई कमी नहीं आई।
विरोध प्रदर्शन
सोमवार को केकड़ी में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बीजासण माता मंदिर से रैली निकाली जो विभिन्न मार्गों से होती हुई उपखण्ड कार्यालय पहुंची। उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह पुरोहित को मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में लिखा है कि मासूम बच्चियों व महिलाओं के साथ दुराचार की घटनाओं में दिनों दिन बढ़ोतरी हो रही है। कानून में लचीलापन होने से आरोपितों में किसी प्रकार का भय नहीं है। हैदराबाद एवं टोंक की घटनाओं ने मानवता को शर्मसार किया है। इस मौके पर भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, बजरंग दल के दशरथ साहू, भाजयुमो के नगर अध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, अभाविप के गोविन्द शर्मा, सांवरलाल चौधरी, मनोज कुमावत, दशरथ जाट सहित कई लोग मौजूद रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सौंपा ज्ञापन
इसी प्रकार मार्बल नगरी किशनगढ़ में भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से सोमवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हैदराबाद मेें महिला चिकित्सक के साथ दुराचार और हत्या की निंदा की गई। साथ ही मांग है कि ऐसी घटना को अंजाम देने वालों को फांसी की सजा दी जाए। ज्ञापन देने वालों मेें सुशील दाधीच तिलोनिया, नगर मंत्री सूरज चौधरी, राहुल शर्मा, सागर शर्मा, नितिश सैन, केशव चतुर्वेदी, गुलाबचंद जांगिड़, विक्रम सिंह राठौड़, शुभम खंडेलवाल, गिरिराज दायमा, सुमित रावत आदि उपस्थित रहे।
कैण्डल मार्च निकाला
बांदनवाड़ा कस्बे में दुष्कर्म व हत्या की घटनाएं बढऩे पर विरोध प्रकट किया गया। हैदराबाद में महिला चिकित्सक व टोंक जिले के उनियारा उपखंड में एक मासूम से बलात्कार के बाद नृशंस हत्या के विरोध में लोग सडक़ों पर उतर गए। बांदनवाड़ा में जागरूक युवकों ने कैण्डल मार्च निकाला। इस मौके पर देवेन्द्र खींची, अखिल तेली, विष्णु तेली, महिपाल, नटवर गुर्जर, अनिल छीपा, धनराज जाट, दिनेश खटीक, निर्मल जाट, अनुराग शर्मा, गौतम शर्मा, राजू तेली, प्रहलादसिंह परिहार, मनीष पीपाड़ा, तरुण जैन, नरेश आहूजा, ललित लोढ़ा, अनिल टेलर, रंगलाल खटीक सहित कई युवक शामिल रहे।
Published on:
2 Dec 2019, 11:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.