शहर से लगे ग्राम परसा निवासी 24 वर्षीय भुवनेश्वर पैकरा पिता संत पैकरा मंगलवार की दोपहर घर से लगे बांध में अकेले नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया था। उसे डूबते हुए कुछ ही दूर पर नहा रहे एक वृद्ध ने देखा था। उसने शोर मचाकर आस-पास के ग्रामीण को बुलाया था। तब तक भुवनेश्वर गहरे पानी में डूब चुका था।
बांध के पास उसके कपड़े पड़े हुए थे। इस दौरान उसके घर वालों ने कपड़े से पहचान लिया। घटना की जानकारी लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे निकालने की कोशिश की पर रात हो जाने के कारण अभियान बंद कर दिया गया।
दूसरे दिन बुधवार को भी नगर सेना के गोताखोर के साथ पुलिस फिर बांध में उसकी तलाशी के लिए लग गई। देर शाम तक गोताखोर व परिजन प्रयास करते रहे पर उसका कहीं पता नहीं चला।
तीसरे दिन गुरुवार को काफी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 3.30 बजे गोताखोर के माध्यम से उसकी लाश बाहर निकाली गई। इस दौरान उसकी लाश को देखकर परिजन सदमे में आ गए। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।