21 से 30 साल के 14 युवा पार्षद इस बार शहर की उम्मीद बने हैं।
अागरा। यूपी नगर निकाय चुनाव में आगरा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। ये रिकॉर्ड है सबसे कम उम्र के पार्षद चुने जाने का। इस बार शहर की सरकार बनी, तो इसमें युवा पार्षदों को जनता ने मौका दिया है। ये मौका है युवा उत्साह को, जिन पर जनता ने भरोसा जताया है। 21 से 30 साल के 14 युवा पार्षद इस बार शहर की उम्मीद बने हैं।
हासिल की जीत
निकाय चुनाव में उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 साल निर्धारित है, जबकि 18 साल से अधिक के लोगों को मतदान का अधिकार है। इस बार निकाय चुनाव में न्यूनतम आयु के कई लड़ाके कूदे थे। अधिकतर राजनीतिक दलों के प्रत्याशी थे, तो कुछ ने निर्देलयी ही ताल ठोंक दी थी। इनमें से तमाम ने विजय प्राप्त की है।
पहली बार में मिली सफलता
भाजपा प्रत्याशी राधिका अग्रवाल की उम्र 21 साल है। उन्होंने वार्ड 44 कटरा फुलेल से जीत हासिल की है। वहीं वार्ड 55 शाहदरा से जीत हासिल करने वालीं बसपा प्रत्याशी मीना सिंह की उम्र भी 21 साल है। वार्ड 82 भीमनगर से 21 वर्षीय अर्पित सारस्वत ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। वहीं भाजपा प्रत्याशी 22 वर्षीय शिवम सागर ने वार्ड 9 घास की मंडी से जीत दर्ज की है।
ये भी युवा प्रत्याशी
इनके अलावा भाजपा के टिकट पर वार्ड 41 आजमपाड़ा से 23 वर्षीय राहुल पचौरी जीते हैं। नाई की मंडी वार्ड 41 से 24 वर्षीय मनीष धाकड़ ने विजय प्राप्त की है। बसपा से ऋषभ राजा ने गढ़ी भदौरिया से जीत दर्ज की है, उनकी उम्र 25 वर्ष है। वार्ड 35 मुस्तफा क्वार्टर से सपा की 26 वर्षीय प्रत्याशी अनीता यादव ने जीत दर्ज की है। वार्ड 4 सेवाल जाट से 25 वर्षीय बसपा प्रत्याशी अंजना चौरसिया, वार्ड 7 खतैना से कविता त्रिवेदी, वार्ड 22 सोहल्ला से निर्दलीय सोनू ने जीत दर्ज की है, सोनू की उम्र 29 वर्ष है। भाजपा की वर्षा शर्मा ने वार्ड 91 रावतपाड़ा से जीत दर्ज की है, वहीं 27 वर्षीय जरीना बेगम ने वार्ड 60 से जीत दर्ज की है।