आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिससे भाई बहन के रिश्ते शर्मसार हो गए। अपने दो दोस्तों के साथ बहन के घर पहुंचे भाई ने सिर में गोली मारकर बहन की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
आगरा में खून के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। पैसों और गहनों के विवाद ने भाई को इतना अंधा कर दिया कि उसने अपनी ही बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। बिजली ठीक करने के बहाने घर में घुसकर सिर में गोली मार दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में भाई-बहन के रिश्ते पर विश्वासघात की एक दर्दनाक मिसाल देखने को मिली। शाहगंज थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में बुधवार देर रात एक भाई ने अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान ताजगंज के रहने वाले हरि सिंह के रूप में हुई है। जो पेशे से बिजली का काम करता था। बताया जा रहा है कि हरि सिंह और उसकी बड़ी बहन अनीता साहू के बीच लंबे समय से रुपये और गहनों को लेकर विवाद चल रहा था। करीब चार साल पहले हरि सिंह एक आपराधिक मामले में जेल गया था। जेल जाने से पहले उसने अपनी बहन को कुछ रुपये और गहने सौंपे थे।
परिवार के लोगों के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद हरि सिंह ने बहन से रुपये और गहने वापस मांगे। इस पर अनीता ने बताया कि उसकी जमानत में काफी खर्च आया था। जमानत के लिए रखे गए पैसों के अलावा गहने भी बेचने पड़े थे। यही बात हरि सिंह को नागवार गुजरी और वह लगातार बहन पर गहने हड़पने का आरोप लगाने लगा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होने लगे। मृतका के पति श्याम ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे हरि सिंह अपने दो दोस्तों के साथ उनके घर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाकर कहा कि घर की लाइट खराब है। और उसे ठीक करना है। जैसे ही दरवाजा खोला गया। तीनों ने तमंचा निकाल लिया। एक ने परिवार के सदस्य पर हथियार तान दिया, जबकि दूसरे ने अनीता के सिर में गोली मार दी। गोली आर-पार हो गई और अनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। मृतका की बहनों ने हरि सिंह को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उससे परिवार के सभी रिश्ते खत्म करने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी लेन-देन के विवाद में यह हत्या की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।