
Ahmedabad : भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा 16 जुलाई को निकलेगी। यात्रा में 18 सजे-धजे हाथी, 101 ट्रक, 30 अखाड़े और 18 भजन मंडलियां भी शामिल होंगी। देश की दूसरी सबसे बड़ी इस जगन्नाथ रथयात्रा में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सरसपुर स्थित ननिहाल से भगवान जगन्नाथ मंगलवार को जमालपुर स्थित निज मंदिर लौटेंगे। इसके साथ ही मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के न्यासी महेंद्र झा ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दिन मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पहिंद विधि की रस्म निभाएंगे। यह लगातार पांचवां साल है, जब वे रथयात्रा की पहिंद विधि करेंगे।
झा ने बताया कि मंगलवार को भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के साथ सरसपुर ननिहाल से निजमंदिर पधारेंगे। मंगलवार को सुबह आठ बजे भगवान जगन्नाथ की गर्भगृह स्थित रत्नवेदी पर प्रतिष्ठा की जाएगी। उसके बाद नेत्रोत्सव विधि तथा षोडशोपचार पूजन होगा। इसके बाद वैदिक विधि-विधान से विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।बुधवार को सुबह 10 बजे भगवान का भव्य सोनावेश में श्रृंगार किया जाएगा। साल में केवल इस दिन ही भगवान इस रूप में श्रृंगारित किए जाते हैं। इसमें भगवान स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत स्वरूप में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। इस विशेष दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह दर्शन को पहुंचेंगे। 15 जुलाई बुधवार को ही तीनों रथों को मंदिर प्रांगण में लाया जाएगा और पूजना की जाएगी। गजराजों की पूजा होगी। इस वर्ष रथयात्रा में देशभर से करीब 2500 साधु-संत शामिल होंगे। भगवान के तीनों रथों को खींचने के लिए परंपरागत रूप से 1000 से 1200 खलासी सेवा देंगे।
श्रद्धालुओं के लिए इस बार भी बड़े स्तर पर महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। 45 हजार किलोग्राम मूंग, 500 किलोग्राम जामुन, 500 किलोग्राम आम, 400 किलोग्राम ककड़ी, अनार तथा दो लाख प्रसाद पैकेट तैयार किए गए हैं। रथयात्रा मार्ग पर भी प्रसाद वितरण होगा।
सुबह 7:00 बजे - मंदिर से प्रस्थान
सुबह 8:00 बजे - महानगरपालिका ऑफिस
सुबह 8:45 बजे -रायपुर चकला
सुबह 10:30 बजे - खाडिया चार रास्ता
सुबह 11:15 बजे - कालूपुर सर्कल
दोपहर 12:00 बजे - सरसपुर
दोपहर 1:30 बजे -सरसपुर से वापसी
दोपहर 2:00 बजे - कालूपुर सर्कल
दोपहर 2:30 बजे -प्रेम दरवाजा
दोपहर 3:15 बजे -दिल्ली चकला
दोपहर 3:45 बजे - शाहपुर दरवाजा
शाम 4:30 बजे -आर.सी. हाईस्कूल
शाम 5:00 बजे - घी कांटा
शाम 5:45 बजे - पानकोर नाका
शाम 6:30 बजे- माणेक चौक
रात 8:30 बजे -मंदिर वापसी