
अहमदाबाद महानगरपालिका के पिछले चुनाव में सरसपुर वार्ड से पार्षद चुने गए दिनेशसिंह कुशवाह पर भरोसा जताते हुए भाजपा ने उन्हें बापूनगर विधानसभा सीट से टिकट दिया है। दिनेश कुशवाह पहली बार पार्षद बने थे। माना जा रहा है कि भ ाजपा ने हिन्दीभाषी बहुल्य क्षेत्र को ध्यान में रखकर कुशवाह पर भरोसा जताया है। इस सीट से वर्तमान विधायक कांग्रेस पार्टी के हिम्मतसिंह पटेल हैं। हिम्मतसिंह पटेल भी मूल हिन्दीभाषी ही हैं।
पूर्व उप महापौर दर्शना वाघेला को असारवा से बनाया प्रत्याशी
भाजपा ने इस बार असारवा विधानसभा सीट से दर्शनाबेन वाघेला को मैदान से उतारा है। दर्शना वर्ष 2011 से 2013 तक अहमदाबाद की उप महापौर चुनी गईं थीं।
स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष भट्ट मणिनगर से बने भाजपा प्रत्याशी
मणिनगर विधानसभा सीट से इस बार भाजपा ने अमूल भट्ट को टिकट दिया है। अमूल भट्ट 2018 से 2020 तक अहमदाबाद स्थायी समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं।
सैजपुर बोघा की पार्षद की पुत्री को भाजपा से मिला टिकट
नरोडा विधानसभा सीट से भाजपा ने डॉ. पायल कुकराणी को टिकट दिया है। डॉ. पायल सेजपुर बोघा वार्ड की पार्षद रेश्मा कुकराणी की पुत्री हैं।
कौशिक जैन दरियापुर से भाजपा के प्रत्याशी
भाजपा ने दरियापुर विधानसभा सीट से कौशिक जैन को टिकट दिया है। अहमदाबाद शहर के पार्षद रह चुके कौशिक जैन अहमदाबाद शहर भाजपा के महामंत्री भी हैं।