अहमदाबाद

Ahmedabad: पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने भी दे दी जान, जानिए क्या थी वजह

-शंका के चलते करता था मारपीट, आरोपी मूल रूप से एमपी के भिंड जिले का निवासी

less than 1 minute read

Ahmedabad. जिले के बोपल थाना इलाके में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शंका को लेकर यह घटना होने की बात सामने आई है। बोपल पुलिस ने आरोपी पति के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की।

एफआईआर के तहत मूलरूप से मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के पाडरी गाम पूवावाला मोहल्ला निवासी और फिलहाल अहमदाबाद शहर के पास शेला गांव निवासी सुखवीर सिंह राजपूत (73) व्रज सिक्योरिटी सर्विस में काम करते हैं। उन्होंने गत एक मार्च से इसी कंपनी में बेटे विक्रम सिंह को भी नौकरी पर लगवाया था। शेला के सीम स्पोर्ट्स परिसर में नौकरी करने वाला विक्रम अपनी पत्नी गौरी और बेटे डब्बू के साथ रहता था।

25 मार्च की सुबह आठ बजे सुखवीर जब अपने मित्र बहादुर के साथ चाय पीने विक्रम के कमरे पर पहुंचे, तो दरवाजा खुला था। बहू गौरी लेटी दिखी। आवाज लगाने पर भी उसके नहीं जागने पर अंदर जाकर देखा तो उसकी नाक से खून निकल रहा था। वह मृत हालत में थी। पड़ोस के कमरे में विक्रम भी फांसी लगाई अवस्था में था। उसने भी दम तोड़ दिया था। सूचना देने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम कराया, जिसमें पता चला कि गौरी की गला दबाने के चलते और विक्रम की फांसी लगा लेने से दम घुटने पर मौत हो गई।

पिता से भी की थी मारपीट

सुखवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि विक्रम पत्नी गौरी के चरित्र पर शंका करता था और अक्सर मारपीट करता था। 23 मार्च को भी मारपीट की तो वे बचाने लगे, इस पर बेटे ने उनसे भी मारपीट की। जिससे सुखवीर उनके मित्र के पास अलग रहने चले गए थे। पौत्र से मिलने और दूध, बिस्किट देने जाते थे।

Published on:
27 Mar 2025 09:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर