अहमदाबाद

Ahmedabad: शहर में गूगल की मदद से ट्रैफिक समस्या को सुलझाएगी मनपा व पुलिस

-एएमसी एवं गूगल मैप का रोड मैनेजमेंट इनसाइट्स प्लेटफॉर्म पायलट प्रोजेक्ट शुरू, ट्रैफिक डेटा, एआइ की मदद से होगा ट्रैफिक का प्रबंधन

2 min read

Ahmedabad. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अब और स्मार्ट बनने जा रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) ने गूगल मैप के साथ मिलकर सड़क प्रबंधन अंतरदृष्टि (आरएमआइ) प्लेटफॉर्म का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके चलते शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहनों की संख्या, उनकी गति, वाहनों का ट्रैवल टाइम, अचानक ब्रेकिंग, दुर्घटनाओं की रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी। इतना ही नहीं, सड़कों पर बरसाती पानी के भराव और पड़ने वाले बड़े गड्ढों की जानकारी भी रियल-टाइम में मिलेगी। जिससे न सिर्फ शहर में ट्रैफिक जाम और ट्रैफिक की समस्या को हल करने में मदद मिलेगी बल्कि जल जमाव और गड्ढों की समस्या को लेकर भी जल्द छुटकारा दिलाने में यह कदम सहायक होगा।

अहमदाबाद महानगर पालिका और अहमदाबाद शहर ट्रैफिक पुलिस के इस कदम से अहमदाबाद देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है, जहां लाइव ट्रैफिक डेटा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) आधारित योजना से ट्रैफिक मैनेजमेंट किया जाएगा।

ट्रैफिक क्योर डैशबोर्ड से पुलिस को मिलेगा अलर्ट

अहमदाबाद मनपा के तहत इसके लिए ट्रैफिक क्योर डैशबोर्ड बनाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक पुलिस को तुरंत अलर्ट मिलेगा कि कहां पर ट्रैफिक जाम है, एक्सीडेंट हुआ है। ऐसे में पुलिस मौके पर जल्द पहुंचेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने में गति आएगी।

ब्लैक स्पॉट, नए ब्रिजों को बनाने में मिलेगी मदद

मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणी ने कहा कि ट्रैफिक समस्या को हल करने के लिए डेटाबेज, एआइ आधारित तकनीक की मदद ली जाएगी। इसके लिए अहमदाबाद मनपा गूगल के साथ पार्टनरशिप की जाएगी। शहर में किस रोड पर कितनी ट्रैफिक है, किन जगहों पर नए फ्लायओवर बनाने की जरूरत है, कहां पर ट्रैफिक डायवर्जन देने जरूरी है, कहां जल्दी और देरी से ट्रैफिक सिग्नल में बदलाव हो-इन सभी का निर्णय लेने में मदद मिलेगी। शहर में किन स्थलों पर ज्यादा वाहन दुर्घटनाएं होती हैं ऐसे ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां साइनबोर्ड लगाने, रोड मार्किंग करने और रोड डिज़ाइन में सुधार किए जाएंगे। इसमें एआइ, मशीन लर्निंग और इस डेटा का उपयोग किया जाएगा।

पुलिस फायर गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान होगा उपयोगी

मनपायुक्त ने कहा कि अहमदाबाद में वर्ष 2029 में वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स होंगे वहीं वर्ष 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित होंगे। ऐसे में विश्व स्तरीय इन स्पर्धाओं के समय शहर के ट्रैफिक को बेहतर बनाने में इस कदम से मदद मिलेगी।

इन मार्गों पर होगा पायलट प्रोजेक्ट

मनपा के तहत इस पहल के तहत पायलट प्रोजेक्ट को शहर के व्यस्ततम सरखेज-गांधीनगर (एसजी) हाईवे, सरदार पटेल रिंग रोड, परिमल अंडरपास, गुजरात हाईकोर्ट रोड, 132 फीट रिंग रोड, दिल्ली दरवाजा, एयरपोर्ट से इंदिरा ब्रिज, गीता मंदिर बस स्टैंड से ईसनपुर और नारोल-नरोडा बीआरटीएस रूट जैसे अहम ट्रैफिक कॉरिडोर को शामिल किया गया है।

Published on:
21 May 2026 10:51 pm
Also Read
View All