भारतीय रेलवे ने रतलाम मंडल में 473 किमी के साथ प्रोजेक्ट के लिए स्वीकृत किए 398 करोड़ रुपए
अहमदाबाद. पश्चिमी रेलवे के अहमदाबाद रेल मंडल में 1456 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाया जाएगा। भारतीय रेलवे ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही रतलाम मंडल में भी 473 किमी क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबल केबल बिछाने के प्रोजेक्ट को स्वीकृत किया है। अहमदाबाद और रतलाम डिवीजन में इस प्रोजेक्ट के लिए कुल 398.36 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
पश्चिम रेलवे अपने संचार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 4 गुणा 48 ऑप्टिकल फाइबर केबल का नेटवर्क बिछा रहा है। इस आधारभूत ढांचे (ओएफसी) को मंजूरी दी गई है। यह प्रोजेक्ट भारतीय रेलवे के शेष मार्गों पर लॉन्ग टर्म इवोल्यूशन (एलटीई) संचार आधारभूत ढांचे के साथ कवच उपलब्ध कराने को अम्ब्रेला वर्क 2024-25 शीर्षक वाले अंब्रेला वर्क के तहत स्वीकृत किया गया है। इसकी कुल स्वीकृत लागत 2024-25 के कार्य कार्यक्रम (पीएच-33) के तहत 27,693 करोड़ रुपए है।
पश्चिम रेलवे के लिए 2,800 करोड़ रुपए की लागत से एक उप-अम्ब्रेला वर्क भी स्वीकृत किया गया है, जिसके तहत यह प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
कवच, आधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों को सहयोग
स्वीकृत कार्य के तहत पश्चिम रेलवे के 1929 रूट किलोमीटर (आरकेएम) पर 2 गुणा 48 फाइबर ओएफसी केबल बिछाई जाएगी। संचार तंत्र में यह महत्वपूर्ण वृद्धि रेलवे संचार प्रणालियों की क्षमता, विश्वसनीयता और दक्षता को बढ़ाएगी। यह कवच सहित आधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों को भी सहयोग प्रदान करेगी, जिससे नेटवर्क पर निर्बाध डेटा प्रसारण संभव हो सकेगा।
यह पहल भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, सुरक्षा संवर्धन और डिजिटल रूपांतरण की दिशा में एक और कदम है, जो यात्रियों और माल ढुलाई संचालन के लिए बेहतर परिचालन दक्षता और बेहतर सेवा वितरण सुनिश्चित करेगी।