अहमदाबाद

असारवा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शामलाजी रोड स्टेशन पर ठहराव आरंभ

तीर्थधाम आने वाले श्रद्धालुओं को मिली बड़ी सुविधा, राज्यमंत्री व सांसद ने दिखाई हरी झंडी

2 min read

शामलाजी. असारवा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शामलाजी रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव आरंभ किया गया है। इसके साथ ही अरवल्ली जिले में स्थित तीर्थधाम शामलाजी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली है।
इस अवसर पर आदिजाति विकास राज्यमंत्री पी.सी. बरंडा, सांसद शोभना बारैया ने इस ट्रेन को रविवार देर शाम को झंडी दिखाकर उदयपुर के लिए रवाना किया। विधायक भीखूसिंह परमार, कलक्टर प्रशस्ति पारीक, एसपी मनोहरसिंह जाडेजा, उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारी सहित स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में जिले के लोग उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नं. 26964 असारवा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 7.18 बजे शामलाजी रोड स्टेशन पर पहुंचेगी और शाम 7.20 बजे रवाना होगी। वहीं, ट्रेन नं. 26963 उदयपुर-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 8.28 बजे शामलाजी रोड स्टेशन पर पहुंचेगी और सुबह 8.30 बजे रवाना होगी।
अहमदाबाद के असारवा से राजस्थान के उदयपुर तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पहले हिम्मतनगर में ठहराव दिया गया था। हालांकि अरवल्ली जिले में कोई ठहराव न होने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में असंतोष था और शामलाजी में ठहराव की मांग उठी।
सांसद शोभना बारैया के लगातार प्रयासों से अरवल्ली जिले की शामलाजी तहसील के लालपुर गांव में स्थित शामलाजी रोड रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण कर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस क्षेत्र में यह रेलवे स्टेशन यात्रियों की सुविधा बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा है।
सांसद शोभना बारैया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर शामलाजी रोड स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को ठहराव देने की मांग की थी। सांसद की मांग को स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय ने शामलाजी रोड रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी। इससे जिले के लोगों में खुशी की लहर है। अब शामलाजी आने वाले श्रद्धालु, व्यापारी और स्थानीय यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

स्टेशन से शामलाजी, मोडासा तक एसटी बस सेवा की भी शुरुआत

इसके साथ ही शामलाजी रोड रेलवे स्टेशन से शामलाजी गांव तथा मोडासा से शामलाजी रोड रेलवे स्टेशन तक बस सेवा भी शुरू की गई है। इन बसों को भी गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

Published on:
23 Mar 2026 10:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर