मुख्य मंदिर, गब्बर तथा मानसरोवर को जोड़ने वाले प्रथम चरण पर 950 करोड़ होंगे खर्च, कुल 1,632 करोड़ का विजनरी मास्टर प्लान किया तैयार : सीएम पालनपुर. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को बनासकांठा जिले में आद्यशक्ति धाम अंबाजी में निर्मित होने वाले अंबाजी शक्ति कॉरिडोर के प्रथम चरण के 950 करोड़ रुपए के विभिन्न […]
पालनपुर. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को बनासकांठा जिले में आद्यशक्ति धाम अंबाजी में निर्मित होने वाले अंबाजी शक्ति कॉरिडोर के प्रथम चरण के 950 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्य मंदिर, गब्बर तथा मानसरोवर को जोड़ने वाले कॉरिडोर के प्रथम चरण में जिन कार्यों का शिलान्यास किया है, उनसे आने वाले दिनों में यात्रियों को मल्टी लेवल पार्किंग, अंडरपास रोड, यात्री निवास, पाथ-वे, दिव्य दर्शन चौक, शक्तिपीठ, एम्फीथिएटर और लाइट एंड साउंड शो सहित अनेक पर्यटन सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आगामी 25 वर्षों के यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अंबाजी में शक्ति कॉरिडोर के लिए कुल 1,632 करोड़ रुपए का विजनरी मास्टर प्लान तैयार किया गया है। आद्यशक्ति के उपासक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आद्यशक्ति पीठ अंबाजी का होलिस्टिक और फ्यूचरिस्टिक विकास हो रहा है।
सीएम ने कहा अंबाजी धाम के विकास के लिए प्रधानमंत्री का विजन साकार हो रहा है। हाल ही आयोजित तीन दिवसीय 51 शक्तिपीठ परिक्रमा महोत्सव में 5 लाख से अधिक भक्तों ने भाग लिया।
अंबाजी में गब्बर पर्वत पर देश का सबसे बड़ा लाइट एंड साउंड शो आरंभ किया गया है तथा परिक्रमा पथ और सांस्कृतिक विलेज आदि प्रकल्पों से यात्रियों को नई सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात पवित्र तीर्थयात्रा धाम विकास बोर्ड की ओर से राज्य के विभिन्न तीर्थ स्थलों पर अब तक करोड़ों रुपए के विकास कार्य पूरे किए गए हैं और आने वाले समय के लिए और अधिक विकास कार्यों की योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अंबाजी-तारंगा रेल प्रोजेक्ट से इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके परिणामस्वरूप यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
वन व पर्यावरण राज्यमंत्री प्रवीण माली ने कहा कि अंबाजी धाम के विकास की सरकार की योजना इतनी भव्य और दूरदर्शी है कि अंबाजी की इस नई विकास यात्रा को आने वाली पीढ़ियां युगों तक याद रखेंगी।
पर्यटन राज्यमंत्री डॉ. जयराम गामित ने कहा कि अंबाजी में ऐतिहासिक विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को अत्याधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर नए रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर वित्त राज्यमंत्री कमलेश पटेल, खादी राज्यमंत्री स्वरूपजी ठाकोर, पर्यटन सचिव कुलदीप आर्या, गुजरात पवित्र तीर्थयात्रा धाम विकास बोर्ड के सदस्य सचिव रमेश मेरजा, जिला कलक्टर मिहिर पटेल और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।