-साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर से ही आरोपी को पकड़ा, मोबाइल भी जब्त, मार्च महीने में गुजसेल निदेशक को भेजा था धमकी भरा ई-मेल
Ahmedabad. शहर के सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्थित गुजरात स्टेट एविएशन इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी (गुजसेल) और शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शातिर आरोपी को साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है। आरोपी ने धमकी भरे ई-मेल भेजे थे। इसने जिस मोबाइल फोन से ई-मेल भेजे थे, उस मोबाइल फोन को भी टीम ने बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम भावेश पटेल (40) है। ये सरदारनगर हांसोल में ही रहता है।
साइबर क्राइम ब्रांच की उपायुक्त डॉ.लवीना सिन्हा ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि शहर के एयरपोर्ट पर स्थित गुजसेल के डायरेक्टर को 25 मार्च को एक ई-मेल मिला था। उस ईमेल में बम धमाके करने का उल्लेख था। उसमें लिखा था कि गुजसेल ब्लास्ट ईद का तोहफा। ई-मेल में पीएम और केन्द्रीय गृहमंत्री की हत्या की भी धमकी दी गई थी। स्कूलों में भी बम धमाके करने की बात लिखी थी। इसके अलावा सौरब बिस्वाल को रिहा करने की मांग की गई थी।गुजसेल निदेशक की ओर से अहमदाबाद शहर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। ई-मेल में पीएम और केन्द्रीय गृहमंत्री को भी मारने की धमकी दिए जाने से साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले को और भी गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
उपायुक्त डॉ.लवीना सिन्हा ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल भावेश4518 एट जीमेल डॉट कॉम नाम के ई-मेल एड्रस से आया था। ऐसे में इस ईमेल के संदर्भ में गुगल से टेक्निकल डिटेल मंगाई गई। उसमें सामने आया कि इस ईमेल का उपयोग करने वाला व्यक्ति अहमदाबाद से ही है। उसकी लोकेशन भी अहमदाबाद ही बता रही थी, जिससे इस संदर्भ में एक टीम को गठित कर आरोपी को अहमदाबाद से ही हिरासत में ले लिया।
उपायुक्त सिन्हा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी भावेश की पूछताछ में सामने आया है कि वह बीकॉम तक पढ़ा है और कंस्ट्रक्शन का कामकाज करता है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर इवेन्ट मैनेजमेंट का भी काम करता है। इस कामकाज के दौरान ही कुछ हुआ है, जिसके चलते उसने ऐसा धमकी भरा ई-मेल किया है ऐसी आशंका है। इस संदर्भ में उससे पूछताछ की जा रही है। धमकी भरा ई-मेल भेजने के मामले में पकड़े गए आरोपी सौरब बिस्वास का उल्लेख क्यों किया है उसकी भी पूछताछ की जा रही है।