अहमदाबाद

भावनगर जिला जेल में ढाई साल से बंद गुजसीटोक के आरोपी की मौत

जामनगर. भावनगर जिला जेल में पिछले करीब ढाई साल से बंद गुजसीटोक सहित विभिन्न आपराधिक मामलों के आरोपी पथुभा गोहिल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 9:50 PM IST
Death of an Accused Charged Under GUJCOC, Held in Bhavnagar District Jail for Two and a Half Years
मृतक पथुभा गोहिल। (फाइल फोटो)

जामनगर. भावनगर जिला जेल में पिछले करीब ढाई साल से बंद गुजसीटोक सहित विभिन्न आपराधिक मामलों के आरोपी पथुभा गोहिल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जेल में पीपराली निवासी पथुभा को दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वापस जेल भेज दिया गया। हालांकि, देर रात दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पथुभा के खिलाफ लैंड ग्रैबिंग और गुजसीटोक सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे। उनकी मौत की खबर फैलते ही परिजनों और क्षत्रिय समाज में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया। समाज के बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे।

निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पथुभा को रंजिश के चलते लगातार निशाना बनाया जा रहा था और उनके खिलाफ एक के बाद एक मामले दर्ज किए जा रहे थे। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। मृतक के भतीजे कृपालसिंह गोहिल ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके चाचा की मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन जेल में रहने के दौरान उन्हें काफी मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उनका दावा है कि हर तीन महीने में चाचा के खिलाफ एक नया मामला दर्ज कर दिया जाता था। यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक द्वेष और साजिश का हिस्सा थी। चाचा पर गुजसीटोक जैसे गंभीर कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही मामले में सात एफआइआर दर्ज की गईं, जिनमें से छह में पथुभा का नाम नहीं था। इसके बावजूद अन्य लोगों के साथ उनका नाम भी जोड़ दिया गया। परिजनों ने मांग की कि जांच के लिए विशेष जांच कमेटी गठित की जाए। जिन पुलिस अधिकारियों ने जांच की है, उनकी भूमिका की भी पड़ताल कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, जिन लोगों ने कथित तौर पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाए और गलत तरीके से नाम जुड़वाए, उनके खिलाफ भी एफआइआर दर्ज की जाए।
कृपालसिंह ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार की ओर से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक मृतक का शव स्वीकार नहीं करेंगे।

Updated on:
25 Nov 2026, 9:50 PM IST
Published on: