25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Gujarat / Ahmedabad / कच्छ के छोटे रण में विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू

कच्छ के छोटे रण में विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू

राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले में स्थित कच्छ के छोटे रण में सर्दी का असर शुरू होते ही विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। नवंबर के अंतिम दिनों में सर्दी की शुरुआत के साथ ही छोटे रण के वेटलाइन और टुंडी तालाब क्षेत्र में फ्लेमिंगो सहित एक साथ 30 हजार से अधिक विदेशी पक्षियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Rajesh Bhatnagar

•

Updated: 25 Nov 2026, 9:41 PM IST

Arrival of Migratory Birds Begins in the Little Rann of Kutch

सुरेंद्रनगर जिले में स्थित कच्छ के छोटे रण में विदेशी पक्षी।

राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले में स्थित कच्छ के छोटे रण में सर्दी का असर शुरू होते ही विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। नवंबर के अंतिम दिनों में सर्दी की शुरुआत के साथ ही छोटे रण के वेटलाइन और टुंडी तालाब क्षेत्र में फ्लेमिंगो सहित एक साथ 30 हजार से अधिक विदेशी पक्षियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। हर साल सर्दियों के मौसम में हजारों किलोमीटर दूर साइबेरिया से सफेद और गुलाबी रंग के लेसर एवं ग्रेटर फ्लेमिंगो सहित विभिन्न प्रजातियों के विदेशी पक्षी यहां पहुंचते हैं। छोटे रण में पिछले एक सप्ताह से सर्दी बढ़ने के कारण विदेशी पक्षियों के झुंड आने शुरू हो गए हैं।

स्थानीय के साथ विदेशी सैलानियों के लिए बने आकर्षण का केंद्र

फ्लेमिंगो और पेंटास्टोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षी यहां के जलक्षेत्रों में अठखेलियां करते नजर आने लगे हैं। वेटलाइन और टुंडी तालाब क्षेत्र में एक साथ हजारों पक्षियों की मौजूदगी से मनमोहक नजारे देखने को मिल रहे हैं। ये दृश्य स्थानीय पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी सैलानियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।

क्षेत्र की विशेष पहचान

बजाणा घुड़खर अभयारण्य के कर्मचारियों के अनुसार, मानवीय हस्तक्षेप से दूर रहने वाले छोटे रण के क्षेत्र विदेशी पक्षियों के लिए अनुकूल और सुरक्षित स्थान साबित होते हैं। विश्व में दुर्लभ माने जाने वाले छोटे रण के तेज गति से दौड़ने वाले जंगली गधे (घुड़खर) और सर्दियों में आने वाले विदेशी पक्षियों के झुंड इस क्षेत्र की विशेष पहचान हैं। हर साल सर्दियों के मौसम में ये पक्षी यहां रण में अपना पड़ाव जरूर डालते हैं।

अभयारण्य में प्रवेश के लिए परमिट जरूरी

विदेशी पक्षियों के इस अनोखे जमावड़े को देखने के लिए पर्यटकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, कच्छ के छोटे रण स्थित बजाणा घुड़खर अभयारण्य में घूमने के लिए पर्यटकों को निर्धारित परमिट लेना और उसकी रसीद बनवाना अनिवार्य है। सर्दी के मौसम में यहां पक्षियों की संख्या बढ़ने के साथ ही यह रण पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है।