अहमदाबाद

सरसपुर के रणछोड़राय मंदिर में भक्तों को हुए मामेरा के दर्शन, उमड़े श्रद्धालु

-वृंदावन से तैयार कराया गया है भगवान जगन्नाथ का मुकुट एवं वस्त्र, मंदिर में भजन-कीर्तन का सिलसिला जारी, रथयात्रा को लेकर भगवान के ननिहाल सरसपुर में काफी उत्साहित हैं लोग
2 min read
Saraspur me Mamera k Darshan
सरसपुर में रणछोड़राय मंदिर में मामेरा के दर्शन।

Ahmedabad. शहर में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा निकलने वाली है। उस दिन रथयात्रा के जमालपुर से सरसपुर स्थित रणछोड़राय मंदिर पहुंचने पर मामेरा (भात) चढ़ाया जाता है। भात में भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को मुकुट, वस्त्र और आभूषण चढ़ाए जाते हैं। इस वर्ष चढ़ाए जाने वाले भात (मामेरा) को तैयार कर लिया गया है।शनिवार को सरसपुर स्थित रणछोड़राय मंदिर में भात को सभी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर में भगवान के सामने रखा गया। शनिवार देर रात तक मामेरा (भात) के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस बीच मंदिर में भजन, कीर्तन का सिलसिला जारी रहा। भात की बात करें तो बताया जा रहा है कि वृंदावन से मुकुट और वस्त्र तैयार कराए गए हैं। मां सुभद्रा पार्वती श्रृंगार, बिछिया, बूटी, चेन व अन्य आभूषण भी तैयार कराए गए हैं।

एकता बाइक रैली और साइकिल रैली में सीपी हुए शामिल

अहमदाबाद. रथयात्रा शांतिपूर्ण माहौल में निकले इसके लिए शहर पुलिस अपने स्तर पर हर कोशिश और तैयारी करने में जुटी है। इसके तहत शुक्रवार रात को रथयात्रा के मार्ग पर एकता बाइक रैली निकाली गई और शनिवार दोपहर को ट्रैफिक पुलिस की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। बाइक रैली में खुद शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत भी उच्च पुलिस अधिकारियों के साथ शामिल हुए। पुलिस आयुक्त हर दिन रथयात्रा से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था की न सिर्फ समीक्षा कर रहे हैं, बल्कि रथयात्रा के दौरान एकता और भाईचारे का माहौल बना रहे उसके लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहकर दोनों ही धर्मों के लोगों और संगठनों का उत्साह भी बढ़ा रहे हैं।

निर्माणाधीन साइटों पर कार्यरत 500 से अधिक श्रमिकों का वैरिफिकेशन

रथयात्रा के मद्देनजर रथयात्रा मार्ग पर ही नहीं बल्कि पूरे शहर में पुलिस सुरक्षा के लिए कदम उठा रही है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की ओर से क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन साइटों पर कार्यरत 500 से अधिक श्रमिकों का वैरिफिकेशन किया गया। रथयात्रा के दौरान शहर में कोई अनिच्छनीय घटना ना बने इसके लिए दरियापुर क्षेत्र में शनिवार को बिजली कंपनी , मनपा टीम के साथ मिलकर पुलिस की टीम ने इलेक्टि्रक पोल की जांच की गई।

Updated on:
11 Jul 2026 09:37 pm
Published on:
11 Jul 2026 09:36 pm