अहमदाबाद

Gujarat: डीआरआइ ने 6.61 किलो विदेशी सोना किया जब्त, 11 आरोपियों को पकड़ा

कुरियर के जरिए देशभर में सोने की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, नौ माह में 475 करोड़ के 318 किलो सोने की स्मगलिंग का खुलासा
2 min read
dri seized gold
डीआरआइ की ओर से जब्त किया गया सोना।

Ahmedabad. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने देशभर में चल रहे सोना तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 10.36 करोड़ रुपए से अधिक कीमत का 6.61 किलो विदेशी मूल का तस्करी का सोना जब्त किया है। नेटवर्क के एक मुख्य सूत्रधार सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

डीआरआइ के तहत टीम को पश्चिम बंगाल और असम में भारत-बांग्लादेश सीमा से विदेशी मूल के सोने की तस्करी और बाद में कुरियर के माध्यम से देश के विभिन्न शहरों में भेजे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर 23 और 24 सितंबर को मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और गुवाहाटी में एक साथ कार्रवाई की गई।

सात लोग कन्साइनमेंट लेते पकड़े

डीआरआइ के तहत इस कार्रवाई के दौरान गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद भेजे जा रहे तस्करी के सोने वाले कूरियर कन्साइनमेंट को रोका गया। कन्साइनमेंट लेने पहुंचे सात लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद कोलकाता में कन्साइनर्स और शिपर्स के ठिकानों पर छापे मारकर तीन और लोगों को पकड़ा गया। इसके बाद मुंबई से सोने की खेप भेजने और पहुंचाने का समन्वय करने वाले मुख्य सूत्रधारों में से एक को भी गिरफ्तार किया गया।

छोटे कन्साइनमेंट में बांटकर भेजते थे सोना

जांच में सामने आया कि यह सिंडिकेट तस्करी के सोने को छोटे-छोटे कुरियर कन्साइनमेंट में बांटकर गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद भेजता था। वहां इसे स्थानीय बाजार में खपाया जाना था। कन्साइनर्स, शिपर्स और प्राप्तकर्ता ऐसे व्यक्तियों या कागजी इकाइयों के रूप में सामने आए, जिनका सोने के किसी वैध कारोबार से संबंध नहीं था। कन्साइनमेंट से बार के रूप में 6.61 किलो विदेशी मूल का सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 10.36 करोड़ रुपए है। इसे सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त किया गया।

नौ माह में 318 किलो सोना पहुंचाया

दस्तावेजों की शुरुआती जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क के बड़े पैमाने पर सक्रिय है। जारी कैलेंडर वर्ष के केवल नौ महीनों में ही इसी कुरियर नेटवर्क के जरिए करीब 475 करोड़ रुपए कीमत का 318 किलो तस्करी का सोना देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Updated on:
28 Sept 2026 10:09 pm
Published on:
28 Sept 2026 10:09 pm