अहमदाबाद

Ahmedabad Crime: अहमदाबाद में फर्जी DSP गिरफ्तार, सीआईएसएफ का पहचान पत्र लगाकर जमा रहा था रौब

Ahmedabad Crime Branch: अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने लाल दरवाजा इलाके से फर्जी सीआईएसएफ अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पैंट पर सीआईएसएफ के डीएसपी का पहचान पत्र लगाकर घूम रहा था।
2 min read
Ahmedabad Crime Branch
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच। फाइल फोटो- पत्रिका

Gujarat Crime News: अहमदाबाद में क्राइम ब्रांच ने लाल दरवाजा इलाके से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पैंट पर सीआईएसएफ के डीएसपी का पहचान पत्र लगाकर घूम रहा था। पुलिस जांच में उसकी पहचान पंजाब निवासी अजमा ए. सिकंदर कंबोज के रूप में हुई है। आरोपी का सीआईएसएफ से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कारंज पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।

डीएसपी का पहचान पत्र मिला

क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी के बारे में सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने लाल दरवाजा स्थित सरदारबाग के पास एक युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी पैंट पर सीआईएसएफ के डीएसपी का पहचान पत्र लटका मिला। इस पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि वह पंजाब का रहने वाला है और सीआईएसएफ में किसी पद पर तैनात नहीं है।

रौब जमाने के लिए लगाया था पहचान पत्र

पुलिस के अनुसार, आरोपी केवल रौब जमाने के लिए सीआईएसएफ के डीएसपी का पहचान पत्र लगाकर घूम रहा था। उसके पास इस पद से जुड़ी कोई आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं थी। क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार करने के बाद कारंज पुलिस के हवाले कर दिया। कारंज पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

लोगों से ठगी की आशंका की जांच

लाल दरवाजा अहमदाबाद का भीड़भाड़ वाला इलाका है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने फर्जी अधिकारी बनकर किसी व्यक्ति से पैसे तो नहीं वसूले या किसी अन्य घटना को अंजाम तो नहीं दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि उसकी गतिविधियों और फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

तीन आरोपी गिरफ्तार

वहीं दूसरी तरफ अहमदाबाद ग्रामीण में कोठ पुलिस ने वटामण चौराहे के पास विदेशी शराब की तस्करी पकड़ी है। पुलिस ने दो कारों से विदेशी शराब और बीयर की 2,808 बोतलें बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में दो कारों और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 12.68 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। शराब की खेप भरवाने और मंगवाने वाले दो अन्य आरोपी फरार हैं। जांच में सामने आया कि दर्शक भरतभाई जोशी और मनीष अर्जुन कुशवाह कार में आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रहे थे। वहीं महावीरसिंह नरेंद्रसिंह सरवैया कार में शराब की खेप लेकर जा रहा था।

Updated on:
11 Oct 2026 04:04 pm
Published on:
11 Oct 2026 04:04 pm