अहमदाबाद

वडोदरा के कवि दुला काग सरकारी प्राथमिक स्कूल में प्रवेश की सभी सीटें फुल

वडोदरा. शाला प्रवेशोत्सव शुरू होने से पहले ही वडोदरा के कवि दुला काग सरकारी प्राथमिक स्कूल में प्रवेश के लिए उपलब्ध सभी सीटें भर गई हैं। साथ ही स्कूल के मुख्य द्वार के बाहर ‘नो एडमिशन’ यानी प्रवेश बंद का बोर्ड लगा दिया गया है।
2 min read
All Admission Seats Filled at Vadodara’s Kavi Dula Kag Government Primary School
वडोदरा के कवि दुला काग सरकारी प्राथमिक स्कूल में एयर-कंडीशंड कंप्यूटर कक्ष में छात्राएं।

शाला प्रवेशोत्सव से पूर्व स्कूल के बाहर लगा ‘नो एडमिशन’ का बोर्ड, राज्य सरकार की पीएम श्री योजना में शामिल है स्कूल

वडोदरा. शाला प्रवेशोत्सव शुरू होने से पहले ही वडोदरा के कवि दुला काग सरकारी प्राथमिक स्कूल में प्रवेश के लिए उपलब्ध सभी सीटें भर गई हैं। साथ ही स्कूल के मुख्य द्वार के बाहर ‘नो एडमिशन’ यानी प्रवेश बंद का बोर्ड लगा दिया गया है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात आती है, तब सामान्यतः केवल निजी स्कूलों का ही नाम लिया जाता है, लेकिन वडोदरा का कवि दुला काग प्राथमिक स्कूल सरकारी शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्टता का उदाहरण बना है। 2010 में स्थापित तथा नगर प्राथमिक शिक्षा समिति द्वारा संचालित इस स्कूल ने निरंतर अच्छे शैक्षणिक प्रदर्शन, आधुनिक ढांचागत सुविधाओं और विद्यार्थियों के विकास के सर्वांगीण दृष्टिकोण के लिए अपनी पहचान बनाई है। स्कूल की इन उपलब्धियों के कारण इसे गुजरात सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम श्री (प्राइम मिनिस्टर्स स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) योजना में भी शामिल किया गया है।

निजी स्कूलों के समकक्ष सुविधाएं

इस स्कूल में निजी स्कूलों के समकक्ष आधुनिक ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध हैं। तीन भवनों, 24 कक्षाओं (क्लासरूम) और 1,700 से अधिक विद्यार्थियों वाले इस स्कूल में एयर-कंडीशंड कंप्यूटर कक्ष व विज्ञान प्रयोगशाला, आधुनिक पुस्तकालय, इंटरेक्टिव पैनलयुक्त स्मार्ट क्लासरूम, खेल मैदान, औषधीय वनस्पति उद्यान तथा हरित एवं सुव्यवस्थित परिसर आदि सुविधाएं हैं। स्कूल को 9 अतिरिक्त क्लासरूम आवंटित किए गए हैं, जिससे इसकी विद्यार्थी क्षमता 2,000 से अधिक होने की संभावना है।
स्कूल ने सरकारी मूल्यांकन में नियमित रूप से उच्च ग्रेड, नेशनल मीन्स-कम-मैरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस), पीएसई, सीईटी और ज्ञान साधना आदि प्रतियोगी परीक्षाओं में स्कूल के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। खेल महाकुंभ तथा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खो-खो, लंगड़ी, रोप मल्लखंभ तथा अन्य खेलों में विद्यार्थियों ने गुजरात का प्रतिनिधित्व कर अनेक पदक एवं सम्मान प्राप्त किए।

शुरू की बाल संसद पहल

इस स्कूल ने बाल संसद पहल शुरू की है, जो विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके विद्यार्थी मध्याह्न भोजन, प्रार्थना, स्वच्छता, बगीचा, स्वास्थ्य, जल प्रबंधन, बुलेटिन बोर्ड आदि विभिन्न समितियों में अपना योगदान देते हैं।

कला महाकुुंभ में छात्राओं को शीर्ष स्थान

कला महाकुंभ में वर्ष 2018 से 2025 तक स्कूल की छात्राओं ने रास-गरबा प्रतियोगिता में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। विवाह गीत आदि अन्य प्रतियोगिताओं में भी स्कूल की छात्राएं विजेता रहीं।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, शिक्षा राज्यमंत्री रीवाबा जाडेजा ने भी स्कूल के उत्कृष्ट प्रयासों का संज्ञान लिया। हाल ही में ब्रिक्स के प्रतिनिधि ने भी स्कूल का का दौरा किया था। पीएम श्री योजना तहत स्कूल नए संसाधनों एवं अवसरों के साथ विकसित भारत के निर्माणकर्ताओं को तैयार करने में योगदान देगा।

Published on:
23 Jun 2026 10:03 pm