
गांधीनगर. राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बुधवार को पुनः एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। गांधीनगर जिले की कलोल तहसील के नारदीपुर और गोलथरा में आयोजित ग्राम कल्याण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल ने गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम यानी एसटी की सामान्य बस में यात्रा की। राज्यपाल जब गांधीनगर से नारदीपुर जाने के लिए एसटी बस में सवार हुए, तब बस में बैठे आम यात्रियों में आश्चर्य के साथ अत्यंत प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।
यात्रा के दौरान राज्यपाल ने बिना किसी औपचारिकता के सहयात्रियों के साथ सहज और आत्मीय संवाद किया। उन्होंने यात्रियों की कुशलक्षेम पूछी और उनके रोजमर्रा के जीवन के बारे में बातचीत की। राज्यपाल ने सहयात्रियों के साथ ग्रामीण विकास एवं प्राकृतिक खेती के विषय पर भी चर्चा की। नारदीपुर गांव में उन्होंने ग्राम पंचायत स्थित वाटर सप्लाई टैंक के पास ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और स्वच्छता अभियान प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। ग्लोबल वार्मिंग, अतिवृष्टि और ऋतुचक्र में बदलाव जैसी वैश्विक समस्याओं का सबसे प्रभावी समाधान पौधरोपण है। उन्होंने शास्त्रों के ‘मातृ देवो भव, पितृ देवो भव और अतिथि देवो भव’ के सूत्र में ‘वृक्ष देवो भव’ का संदेश जोड़ते हुए कहा कि मनुष्य भोजन के बिना एक महीने और पानी के बिना कुछ दिन गुजार सकता है, लेकिन ऑक्सीजन के बिना तीन मिनट भी जीवित नहीं रह सकता। पेड़ हमें प्राणवायु, छाया, फल और आश्रय देते हैं तथा बदले में कुछ नहीं लेते।
राज्यपाल ने ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए अपील की कि यदि लगाए गए पौधे की केवल एक साल तक अच्छी तरह देखभाल की जाए तो वह जीवनभर और आने वाली पीढ़ियों तक लोगों का पालन-पोषण करेगा। उन्होंने नागरिकों से अपने और बच्चों के जन्मदिन तथा विवाह की वर्षगांठ जैसे शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसका संरक्षण करने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश पटेल, कलोल विधायक बकाजी ठाकोर, जिला कलक्टर रवींद्र खताले, जिला विकास अधिकारी डी.के. ब्रह्मभट्ट, ग्राम पंचायत सरपंच रचनाबेन ठाकोर और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।