अहमदाबाद

वडोदरा में दो जगह से 70 लाख की शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

वडोदरा. ग्रामीण पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर और शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शहर में कुल दो जगह पर कार्रवाई करते हुए 70 लाख रुपए से अधिक की शराब जब्त की। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
2 min read
Liquor worth ₹70 lakh seized from two locations in Vadodara; one accused arrested
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

ग्रामीण पुलिस की एलसीबी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर, क्राइम ब्रांच ने शहर में की कार्रवाई

वडोदरा. ग्रामीण पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर और शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शहर में कुल दो जगह पर कार्रवाई करते हुए 70 लाख रुपए से अधिक की शराब जब्त की। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वडोदरा ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने ऑपरेशन पराक्रम के तहत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मिनी ट्रक से 69 लाख रुपए से अधिक की शराब की 55,296 बोतलें जब्त कीं। एलसीबी के पुलिस निरीक्षक पी.जे. खरसाण के मार्गदर्शन में टीम भादरवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर दोडका गांव की सीमा में नाकाबंदी की। भरूच से अहमदाबाद की ओर जा रहे संदिग्ध मिनी ट्रक को आता देख टीम ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक दोडका टोलनाका से पहले सड़क किनारे मिनी ट्रक छोड़कर फरार हो गया। टीम ने शराब, मिनी ट्रक, जीपीएस ट्रैकर, तिरपाल और रस्सी सहित कुल 84.19 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया। फरार चालक, शराब आपूर्तिकर्ता और इसे मंगवाने वाले आरोपियों के खिलाफ भादरवा थाने में मामला दर्ज किया गया।

एमपी के अलीराजपुर से आ रही कार पकड़ी

वडोदरा शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर में उमा चौराहा-महावीर हॉल मार्ग पर निगरानी रखी। इस दौरान मध्य प्रदेश के अलीराजपुर से आ रही कार को रोककर तलाशी ली। कार चला रहे छोटा उदेपुर जिले की क्वांट तहसील के सिंहाडा निवासी निलेश राठवा (34) की तलाशी में एक मोबाइल मिला। इसके बाद कार की तलाशी लेने पर चालक सीट, पिछली सीट और डिक्की से प्लास्टिक की थैलियों और बैगों में रखी शराब की 430 बोतलें बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत 90,600 रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह शराब मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के रायछा गांव निवासी रमेश डावर से प्राप्त की थी और वडोदरा शहर के गोरवा क्षेत्र में बेचने के लिए ले जा रहा था। टीम ने शराब, कार और एक मोबाइल सहित कुल 3.95 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया। टीम ने चालक को गिरफ्तार कर शराब उपलब्ध कराने वाले आरोपी के विरुद्ध भी प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक डी.जे. चुडासमा, पीएसआइ बी.एस. वाला तथा टीम ने कार्रवाई की।

Updated on:
20 Jul 2026 10:22 pm
Published on:
20 Jul 2026 10:22 pm