21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

आणंद में बच्ची से दुष्कर्म-हत्या के आरोपी मुठभेड़ में ढेर

आणंद. जिले के वासद में साढ़े चार वर्ष की बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी सुरेश परमार (25) को सोमवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
2 min read
Google source verification
Accused in Anand girl's rape-murder killed in encounter

घटनास्थल की जांच करते पुलिसकर्मी व अन्य टीम।

18 जुलाई की रात प्लेटफॉर्म नंबर 1 से लापता हुई थी बच्ची, रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला था शव, आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों पर किया हमला, आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी

आणंद. जिले के वासद में साढ़े चार वर्ष की बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी सुरेश परमार (25) को सोमवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव जसाणी ने बताया कि रविवार देर रात स्थानीय क्राइम ब्रांच (एलसीबी) की टीम आरोपी को सरकारी वाहन से वासद रेलवे पुलिस को सौंपने के लिए ले जा रही थी। इस दौरान कंथारिया और आसोदर गांव के बीच आरोपी ने उल्टी होने की शिकायत की, जिस पर वाहन रोका गया। नीचे उतरते ही आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से पुलिस कांस्टेबल राजवीरसिंह और महिपालसिंह पर हमला किया। दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उसने पीएसआइ आइ.जे. राणा पर भी हमला करने का प्रयास किया।
पीएसआइ ने आरोपी को कई बार चेतावनी दी और आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने हमला जारी रखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले एक राउंड हवाई फायर किया। इसके बावजूद आरोपी के आक्रामक रवैए को देखते हुए आत्मरक्षा में कुल पांच राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान आरोपी को दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल आरोपी तथा दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल करमसद अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान आरोपी की मौत हो गई। आरोपी पेटलाद तहसील के बांधणी गांव का रहने वाला था। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

पांच खाली कारतूस बरामद

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से पांच खाली कारतूस सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।

रविवार को गिरफ्तार किया गया था आरोपी

आरोपी को रविवार रात को गिरफ्तार किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में उसे वासद रेलवे स्टेशन से बच्ची को ले जाते हुए देखा गया था। बच्ची 18 जुलाई की रात प्लेटफॉर्म नंबर 1 से लापता हुई थी और रविवार सुबह उसका शव प्लेटफॉर्म से लगभग 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस को संदेह है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव ट्रैक पर फेंका गया। बच्ची के कपड़े अलग से बरामद हुए। बच्ची के शव को अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम कराया गया। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने पहुंचकर जांच की। इस संबंध में अपहरण, हत्या का मामला रेलवे पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर बलात्कार की धारा जोड़ी गई। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।

एसपी पहुंचे अस्पताल, घायल पुलिसकर्मियों का हाल- चाल जाना

उधर एसपी जसाणी ने अस्पताल पहुंचकर मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। साथ ही कर्तव्य पालन के दौरान दिखाई गई उनकी बहादुरी की सराहना की।