परिचालन क्षमता और दक्षता में उल्लेखनीय होगी वृद्धि, नॉन इंटरलॉकिंग कार्य प्रगति पर
वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा रेल मंडल में प्रतापनगर-एकता नगर खंड पर मोरिया स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य प्रगति पर है। यह कार्य रेलवे की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और संचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्य पूर्ण होने के बाद मोरिया स्टेशन को डी श्रेणी से उन्नत कर बी श्रेणी स्टेशन बनाया जाएगा। इससे इस स्टेशन की परिचालन क्षमता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
वडोदरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार, चांदोद एवं मोरिया (6.71 किमी) और मोरिया एवं तिलकवाड़ा (10.15 किमी) खंड पर महत्वपूर्ण, आधुनिक सिग्नलिंग और ट्रैक पॉइंट चालू करके अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है।
यह कार्य ट्रेन संचालन में लचीलापन और गति बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में रखरखाव संबंधी देरी को कम करने और यात्रियों के लिए बेहतर, सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए डिवीजन के निरंतर प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
एक अतिरिक्त लूप लाइन का निर्माण
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के तहत एक अतिरिक्त लूप लाइन का निर्माण किया जा रहा है, इससे ट्रेनों के आवागमन में सुगमता आएगी और संचालन अधिक व्यवस्थित होगा। इसके लिए चांदोद और तिलकवाड़ा दोनों छोर पर आवश्यक प्वाइंट्स स्थापित किए गए हैं, जिससे नई लूप लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ा जा सके।
इसके अतिरिक्त, ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्नत मशीनों द्वारा ट्रैक पैकिंग का कार्य भी किया गया है, जिससे ट्रैक की स्थिरता और विश्वसनीयता में सुधार होगा।