
Ahmedabad. शहर क्राइम ब्रांच की टीमों ने बीते 24 घंटे में हत्या के दो मामलों की गुत्थी को सुलझाने में सफलता पाई है। इनमें लिप्त दो आरोपियों को पकड़ा है। इसमें सबसे अहम मामला 9 साल पुराना है, जिसमें साबरमती रिवरफ्रंट पर साबरमती नदी से मिले महिला के शव मामले में हत्या का खुलासा किया है। इसे अब तक दुर्घटनावश डूबने के चलते महिला की मौत होने का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुख्ता सूचना के आधार पर खुलासा हुआ कि उसकी हत्या की गई थी।
शहर क्राइम ब्रांच के उपायुक्त अजीत राज्यान ने बताया कि वर्ष 2017 में कोमल सोलंकी का मिनेश सोलंकी से विवाह हुआ था। दोनों के बीच घरेलू बातों पर आए दिन झगड़ा शुरू हो गया था। ऐसे में चार महीने बाद ही पति मिनेश ने रथयात्रा के दिन 25 जून को उसकी हत्या की योजना बनाई। वह कोमल को घुमाने के बहाने से घर से लेकर निकला। दिन भर अलग-अलग जगह घूमा और शाम के समय साबरमती रिवरफ्रंट पर ले गया। वहां बातचीत करने के दौरान उसने कोमल को उठाकर नदी में फेंक दिया, जिससे नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं घटना के अगले दिन 26 जून 2017 को उसने कालूपुर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दिन साबरमती रिवरफ्रंट वेस्ट क्षेत्र से कोमल का शव मिला। उसे “दुर्घटनावश मौत” का मामला मान लिया गया।
क्राइम ब्रांच ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर पीड़िता की पहचान करते हुए आरोपी पति मिनेश को नौ सालों के बाद मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। यह फिलहाल हाथीजण क्षेत्र में रहता है। जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है। इसके विरुद्ध वडोदरा, दरियापुर, गांभोई थाने में प्राथमिकी दर्ज हैं।
अहमदाबाद. क्राइम ब्रांच की टीम ने खोखरा थाना क्षेत्र में 19 जून को मिले एक युवक के शव के मामले में भी हत्या का खुलासा किया है। इस मामले में लिप्त आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई है। क्राइम ब्रांच के तहत 19 जून 2026 को मिले शव की पहचान अमराईवाड़ी निवासी दीपक कोष्टी (42) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि घटना के दिन दीपक नशे की हालत में था। ऐसे में उसकी मदद करने के लिए भाईपुरा क्षेत्र में झाड़ूवाला की चाली निवासी मंगल उर्फ बाबा बोकडे उसके पास गया। लेकिन दीपक ने उससे अपशब्द कह दिए। ऐसे में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिस दौरान आरोपी मंगल ने पास में पड़े पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। शव पर पत्थर से वार के निशान होने से हत्या के एंगल से जांच की और पुख्ता सूचना के आधार पर आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।