शिक्षा राज्यमंत्री ने वडोदरा में किया स्कूलों का निरीक्षण वडोदरा. शिक्षा राज्यमंत्री रीवाबा जाडेजा ने गुरुवार को वडोदरा का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया।उन्होंने वारसिया रोड पर नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की ओर से संचालित कवि दुला काग प्राथमिक विद्यालय का दौरार किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर शैक्षणिक कार्य और […]
वडोदरा. शिक्षा राज्यमंत्री रीवाबा जाडेजा ने गुरुवार को वडोदरा का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने वारसिया रोड पर नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की ओर से संचालित कवि दुला काग प्राथमिक विद्यालय का दौरार किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर शैक्षणिक कार्य और स्तर का निरीक्षण किया।
मध्याह्न भोजन के समय उन्होंने छात्रों के साथ जमीन पर बैठकर वही भोजन ग्रहण किया जो छात्रों को परोसा गया। भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच कर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अपने हाथों से छात्रों को भोजन कराकर मातृवात्सल्य का अनुभव कराया।
इसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सुविधाओं के पीछे अभिभावकों के सक्रिय सहयोग की सराहना की।
विशेष रूप से कन्या शिक्षा पर बल देते हुए उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को केवल प्राथमिक शिक्षा तक ही सीमित न रखें, बल्कि न्यूनतम कक्षा-12वीं तक पढ़ाना आवश्यक है और यह हमारी जिम्मेदारी भी है।
रीवाबा ने सयाजीपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्थित छात्रावास के रसोईघर में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता की प्रत्यक्ष जांच की। उन्होंने स्वयं भोजन का स्वाद लेकर उसकी पौष्टिकता और स्वाद पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं, छात्रावास के कमरों, शौचालयों और वॉशरूम का अवलोकन किया।
रीवाबा ने निजामपुरा स्थित न्यू एरा इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित एज्यू फिट एक्सपो प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए गए शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रोजेक्ट की सराहना की।