मेहसाणा के सांसद हरिभाई पटेल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा पत्र
मेहसाणा. लोकसभा सांसद हरिभाई पटेल ने कलोल-कड़ी-कटोसण-बेचराजी-रणुज रेलवे खंड पर यात्री ट्रेन सेवा शीघ्र शुरू करने के लिए नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र सौंपा।
पत्र के अनुसार, मीटर गेज से ब्रॉड गेज में परिवर्तन के कार्य के कारण यह रेलमार्ग सितंबर 2017 से यात्रियों के लिए बंद है। मार्च 2025 में ब्रॉड गेज का कार्य पूरा हो चुका है और पिछले कुछ महीनों से इस मार्ग पर मालगाड़ियां सफलतापूर्वक चल रही हैं। हालांकि, यात्री ट्रेनों को शुरू करने के लिए रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के निरीक्षण और उसके बाद अनापत्ति प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया अभी शेष होने के कारण यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने में विलंब हो रहा है। इसलिए सांसद ने इस विलंब को दूर करने और प्रक्रिया को तेज करने की मांग की है।
पत्र के अनुसार, यह क्षेत्र एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है, जहां मारुति सुजुकी और हीरो होंडा जैसे बड़े संयंत्रों के अलावा 200 से अधिक अन्य औद्योगिक इकाइयां स्थित हैं। प्रसिद्ध बहुचराजी माताजी के मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, पिछले 8 वर्षों से ट्रेन सेवा बंद होने के कारण 40 से अधिक गांवों की जनता, छात्रों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री ट्रेनें बंद रहने के कारण बहुचराजी के स्थानीय बाजारों और व्यापार-धंधों पर भी प्रभाव पड़ा है।