तेरापंथ भवन शाहीबाग में मंगल भावना समारोह का आयोजन
अहमदाबाद. श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा अहमदाबाद के तत्वावधान में रविवार को तेरापंथ भवन शाहीबाग में साध्वी सरस्वती के सानिध्य में मंगल भावना समारोह का आयोजन किया गया। 5 वर्षों के अहमदाबाद प्रवास के पश्चात साध्वी सरस्वती सोमवार को राजस्थान के लाडनूं की ओर प्रस्थान करेंगी। इस उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या श्रावक समाज की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर साध्वी सरस्वती ने कहा कि अहमदाबाद के ये सुहाने पल विस्मृत न होंगे, हृदय पर हुए ये अंकित ये कभी भी मृत न होंगे। उन्होंने आशीर्वचन में कहा कि अहमदाबाद का श्रावक समाज सेवा, समर्पण और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण है। श्रद्धा-समर्पण का बसंत ऐसे ही खिलता रहना चाहिए। पिछले वर्षों में यहां के सभी श्रावक-श्राविकाओं, किशोर-किशोरियों ने साधु-साध्वी की सेवा में जो निष्ठा, सहयोग और समर्पण दिखाया है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद के श्रावक समाज ने तन-मन-धन से सेवा करते हुए धर्मसंघ की मर्यादाओं को सदैव ऊंचा रखा है। यहां की सेवा-भावना, व्यवस्था और एकता पूरे संघ के लिए प्रेरणा का विषय है। साध्वी ने सभी की सराहना करते हुए मंगलकामना की कि अहमदाबाद का सेवा, श्रद्धा और समर्पण का प्रवाह आगे भी इसी प्रकार निरंतर बढ़ता रहे और सभी धर्म प्रभावना के कार्यों में निरंतर अग्रसर रहें। त्याग, तपस्या, सेवा की भावना ऐसे ही बनी रहनी चाहिए।
सभा अध्यक्ष अर्जुन बाफना ने अध्यक्षता की। सह मंत्री लाडदेवी बाफना, चिकित्सा प्रभारी अशोक सेठिया, तेरापंथ कन्या मंडल प्रभारी अनिता कोठारी, तेरापंथ महिला मंडल मंत्री रेखा धुप्या, निवर्तमान अध्यक्ष हेमलता परमार, अणुव्रत समिति के निवर्तमान अध्यक्ष प्रकाश धींग, तेरापंथ युवक परिषद के पूर्व अध्यक्ष पंकज घीया, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष जागृत संकलेचा, ज्ञानशाला मुख्य प्रशिक्षिका संगीता बांठिया आदि ने मंगल भावना व्यक्त की।