
राजकोट. खेड़ा जिले में वडताल स्वामीनारायण संप्रदाय के दो संतों पर 1.25 करोड़ रुपए की चपत लगाने का आरोप लगाया गया। राजकोट के भूपेंद्र रोड स्थित मंदिर में संत माधवप्रिय उर्फ एम.पी. स्वामी तथा दर्शन प्रकाश उर्फ डी.पी. स्वामी ने एक सेवानिवृत्त शासनाधिकारी को डाकोर में 300-400 बीघा जमीन पर स्वामीनारायण मंदिर बनाने के लिए जमीन खरीदने का झांसा देकर ठगी की। दोनों संतों सहित पांच लोगों के खिलाफ सेवानिवृत्त शासनाधिकारी ने 1.25 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में डीसीबी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार, शहर में लक्ष्मीनगर नाले के पास रहने वाले सेवानिवृत्त शासनाधिकारी नरसिंहभाई वाढेर (72) ने डीसीबी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। इसमें अहमदाबाद के चिंतन परमार, वडोदरा के जे.के. शरद रामी, सूरत के लालजी ढोला, अंकलेश्वर के माधवप्रिय उर्फ एम.पी. स्वामी, आणंद के दर्शन प्रकाश उर्फ डी.पी. स्वामी को आरोपी बनाया गया।
शिकायत के अनुसार, 2004 में मोरबी में नौकरी के समय मोरबी के नाना बाजार में कपड़े की दुकान चलाने वाले भावेश परमार से परिचय हुआ, उसने चिंतन से परिचय कराया था। 2020 में चिंतन ने बताया कि डाकोर में स्वामीनारायण संप्रदाय के संत 400 बीघा जमीन पर भव्य मंदिर बनाना चाहते हैं। इसमें निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलेगा तथा भागीदार के रूप में मित्र विपुल कापड़िया रहेगा। इसके बाद राजकोट में भूपेंद्र रोड स्थित स्वामीनारायण मंदिर में संतों से मिलने बुलाया। परिवार के साथ वहां पहुंचने पर मंदिर के अतिथि कक्ष में एम.पी. स्वामी, डी.पी. स्वामी और लालजी मिले थे।
आरोपियों ने डाकोर में मंदिर और गौशाला बनाने तथा इसके लिए अफ्रीका से दान आने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि दान देने वालों को जमीन खरीदने का असल साटाखत (बिक्री का प्रारंभिक करार) दिखाना पड़ेगा। जिस जगह मंदिर बनाना है, वहां किसानों से जमीन खरीदने पर ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी, लेकिन यदि शिकायतकर्ता जमीन खरीदने के लिए रकम निवेश करेंगे तो उनके नाम जमीन का साटाखत होने के बाद जमीन की रकम के साथ कमीशन भी वापस कर दिया जाएगा।
आरोपियों की बातों में आकर वे डाकोर के सूई और सैयद गांव में जमीन देखने गए थे। वहां किसान जे.के. रामी से मुलाकात हुई थी। 354 बीघा जमीन का सौदा 2.76 करोड़ रुपए में तय हुआ था। टोकन के तौर पर जे.के. को एक लाख रुपए दिए गए। बाद में जे.के. को 1.24 करोड़ रुपए दिए गए। इसके बदले स्टांप पेपर पर शिकायतकर्ता और जूनागढ़ जिले की वंथली तहसील के सातलपुर निवासी उनके भागीदार विपुल कपड़िया के नाम लिखित करार और जमीन का साटाखत भी दिया। बाद में एम.पी. स्वामी और डी.पी. स्वामी को जमीन का मूल साटाखत सौंप दिया गया। आरोपियों ने कहा था कि 10 दिनों में अफ्रीका से दान आने के बाद रकम और कमीशन वापस कर दिया जाएगा। 10 दिन बाद रकम वापस नहीं मिलने पर एम.पी. और डी.पी. स्वामी से संपर्क किया गया तो उन्होंने अफ्रीका से दान नहीं आने का बहाना बनाया। अंततः 1.25 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।