राजकोट. शहर की सबसे बड़ी हांडा गैंग के खिलाफ गुजसीटोक के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स पेडलर सुधा धामेलिया सहित कुल 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया। 15 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
शहर क्राइम ब्रांच के डीसीपी जगदीश बांगरवा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के रैयाधार और उसके आसपास के क्षेत्रों में संगठित अपराध करने वाली हांडा गैंग के खिलाफ गुजसीटोक के तहत मामला दर्ज किया गया। इस गैंग का संचालन मुख्य सरगना भौतिक उर्फ यस उर्फ हांडो परेश डाभी के नेतृत्व में किया जा रहा था। गैंग के सदस्य हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, घरों में चोरी, वाहनों में आगजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस सरीखे गंभीर अपराधों को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाते थे। इस गैंग के कुल 15 सदस्यों के खिलाफ पिछले 10 वर्षों में करीब 87 अपराध दर्ज हुए हैं। इनमें से 50 अपराधों को गुजसीटोक की परिभाषा के तहत शामिल कर कार्रवाई की गई।