Ahmedabad एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का खतरा सामान्य महिलाओं की तुलना में कहीं अधिक है। शहर स्थित गुजरात कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआइ) की ओर से की गई स्क्रीनिंग में इसकी गंभीर तस्वीर सामने आई है। मार्च 2025 से अब तक 1542 एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं की ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) डीएनए जांच में 319 महिलाएं संक्रमित मिलीं। यानी 20.69 प्रतिशत महिलाओं में एचपीवी संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि गुजरात की सामान्य शहरी आबादी में यह दर 4.82 और ग्रामीण आबादी में 5.22 प्रतिशत है।इनमें से गहन जांच करने पर कई महिलाओं में कैंसर पूर्व अवस्था के बदलाव मिले, जबकि एक महिला में सर्वाइकल कैंसर शुरुआती चरण में पाया गया।