18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / गुजरात: महिला हेड कांस्टेबल ने ASI की हत्या कर शव कार में जलाया, पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा

गुजरात: महिला हेड कांस्टेबल ने ASI की हत्या कर शव कार में जलाया, पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा

गुजरात के साबरकांठा में प्रेम संबंध खत्म करने को लेकर महिला हेड कांस्टेबल ने अपने भाई और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ASI की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को कार में रखकर आग लगा दी। पुलिस ने महिला हेड कांस्टेबल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 18 Nov 2026, 1:27 PM IST

ASI murder

गुजरात: महिला हेड कांस्टेबल ने ASI की हत्या कर शव कार में जलाया (Photo: IANS)

पालनपुर । गुजरात के साबरकांठा जिले में पुलिस विभाग को झकझोर देने वाले हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां छितोडा पुलिस थाने में तैनात एक महिला हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपने ही थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की हत्या कर दी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन महिला हेड कांस्टेबल इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि ASI उस पर संबंध जारी रखने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद में महिला ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और सबूत मिटाने के लिए शव को कार में रखकर आग लगा दी।

अरावली जिले की लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने कई दिनों की जांच के बाद मामले का खुलासा करते हुए महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलासवा (37), उसके भाई कल्पेश कलासवा (36), चचेरे भाई पंकज (28) और दोस्त मनोज निनामा (33) को गिरफ्तार किया है।

जली हुई कार में मिले थे कंकाल के अवशेष

मृतक की पहचान अश्विन तबियाड (45) के रूप में हुई है। वह अरावली जिले की भिलोड़ा तहसील के झिंझोड़ी गांव का रहने वाला थे और छितोडा पुलिस थाने में निरीक्षक के पर्सनल राइटर के रूप में तैनात थे। 10 नवंबर को भिलोड़ा तहसील के पाडरा गांव के बाहरी इलाके में हथमती नदी के पास एक जली हुई कार मिली थी। कार के अंदर से बुरी तरह जले हुए शव के कंकाल के अवशेष बरामद हुए थे। अश्विन के पिता बाबू तबियाड ने आशंका जताई थी कि ये अवशेष उनके बेटे के हो सकते हैं। जांच में सामने आया कि अश्विन 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे अपनी कार से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

महिला हेड कांस्टेबल के घर बिताई थी रात

पुलिस जांच में पता चला कि अश्विन के छितोडा थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलासवा से संबंध थे। अल्फा पुलिस थाने की महिला सुरक्षा टीम की सदस्य भी थी। दोनों के बीच रिश्ते को लेकर विवाद चल रहा था। अल्फा इस संबंध को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन उस पर रिश्ता जारी रखने का दबाव बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को छितोडा स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया था। अश्विन वहां रातभर रुका। आरोप है कि इसी दौरान अल्फा ने उसकी हत्या कर दी।

भाई और चचेरे भाई की मदद से शव ठिकाने लगाया

अरावली के एसपी मनोहरसिंह जडेजा के मुताबिक, हत्या के अगले दिन अल्फा ने अपने भाई कल्पेश को फोन कर बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार से वहां पहुंचा। तीनों ने अश्विन के शव को एक बोरे में रखा और पूरे दिन घर में ही छिपाकर रखा। इसके बाद पंकज अश्विन की कार लेकर कनाडर गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास जंगलनुमा क्षेत्र में पहुंचा। अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे गए। वहां कार छोड़ने के बाद तीनों वापस छितोडा लौट आए।

पेट्रोल खरीदकर कार में लगाई आग

पुलिस के अनुसार, रात होने के बाद कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को बुलाया। इसके बाद चारों आरोपी एक अन्य कार से शव लेकर दूसरी कार के पास पहुंचे। उन्होंने बोरे में बंद शव को कार की बीच वाली सीट के पास रख दिया। इसके बाद आरोपियों ने विजयनगर के एक पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदा और कार में आग लगा दी, ताकि शव और वाहन के साथ हत्या से जुड़े सबूत भी नष्ट हो जाएं।

CCTV और तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी

अरावली LCB ने कई दिनों तक मामले की जांच की। पुलिस ने अरावली और साबरकांठा जिलों के अलग-अलग इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। जांच में पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदने और वारदात में कार के इस्तेमाल की कड़ियां भी सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।