18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / क्या धार्मिक कथाओं के मंच से बनेगा यूपी चुनावी माहौल? नेताओं का रामकथा और शिवमहापुराण के जरिए शक्ति प्रदर्शन

क्या धार्मिक कथाओं के मंच से बनेगा यूपी चुनावी माहौल? नेताओं का रामकथा और शिवमहापुराण के जरिए शक्ति प्रदर्शन

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के धार्मिक आयोजनों में सक्रियता बढ़ गई है। रामकथा, शिवमहापुराण और राष्ट्रकथा के मंच से सियासी दिग्गज शक्ति प्रदर्शन के साथ जनसंपर्क और चुनावी समीकरण साधने में जुटे हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 18 Nov 2026, 12:21 PM IST

Raja Bhaiya

राजा भैया के राजभवन में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा (File Photo: IANS/X/@bageshwardham)

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासत का एक नया मंच तैयार होता दिखाई दे रहा है। अब नेताओं के शक्ति प्रदर्शन का मंच केवल राजनीतिक रैलियां और जनसभाएं नहीं रह गई हैं, बल्कि धार्मिक कथाएं भी राजनीतिक प्रभाव दिखाने का माध्यम बन रही हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में कहीं रामकथा हो रही है तो कहीं शिवमहापुराण और राष्ट्रकथा के आयोजन किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बड़े कथावाचकों के साथ मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक भी नजर आ रहे हैं। ऐसे में यूपी की राजनीति में 'कथा पॉलिटिक्स' चर्चा का नया विषय बन गई है।

राजा भैया के राजभवन में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा

प्रतापगढ़ के कुंडा से जनसत्ता दल के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया अपने राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा करा रहे हैं। मंगलवार से शुरू हुई इस आयोजन को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा है। राजा भैया ने भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेताओं को भी आमंत्रित किया है। अब इस पर नजर है कि अलग-अलग दलों के कौन-कौन से नेता कार्यक्रम में पहुंचते हैं। बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री पिछले कुछ समय से अपने बयानों और धार्मिक व्याख्याओं को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। राम और कृष्ण के स्वरूप और उनके स्वभाव को लेकर दिए गए उनके एक बयान पर राजनीतिक और धार्मिक बहस छिड़ी थी। विपक्षी दल खासकर समाजवादी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए थे। ऐसे माहौल में राजा भैया के यहां आयोजित रामकथा का राजनीतिक महत्व भी चर्चा में है।

बृजभूषण से मनोज पांडेय तक धार्मिक आयोजनों की चर्चा

इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा के नंदिनी नगर में जनवरी में ऋतेश्वर महाराज की राष्ट्रकथा का आयोजन कराया था। इसमें बाहुबली नेता बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, मंत्री एके शर्मा, सांसद जगदंबिका पाल समेत कई विधायक और प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं।

वहीं, रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने 11 से 17 सितंबर तक शिवमहापुराण कथा कराई थी। इसका वाचन सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा ने किया। आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दो दर्जन से अधिक मंत्री और पांच दर्जन से ज्यादा विधायक शामिल हुए। तीन राज्यों के राज्यपालों की मौजूदगी भी रही। इस कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया गया। मनोज पांडेय सपा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सियासी पाला बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद से वे हिंदुत्व के एजेंडे पर सक्रिय नजर आ रहे हैं।

चंदौली में राजन जी महाराज की कथा में पहुंचे दिग्गज

चंदौली की सैयदराजा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सुशील सिंह ने 20 से 24 अक्टूबर तक धानापुर क्षेत्र में पंडित राजन महाराज की कथा आयोजित कराई। इसमें उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के साथ बृजभूषण शरण सिंह और धनंजय सिंह समेत कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे शामिल हुए। राजन जी महाराज की कथाओं में धार्मिक प्रवचन के साथ भजन और भक्ति संगीत भी आकर्षण का केंद्र रहते हैं। वहीं, पीलीभीत के बीसलपुर में नौ दिवसीय रामकथा के समापन समारोह में 3 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। नाथ संप्रदाय के आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में संत अंजनी शरण ने रामकथा सुनाई। मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन-पूजन किया और कथा सुनने के बाद करीब 25 मिनट तक लोगों को संबोधित किया।

कथा में उमड़ी भीड़ क्या वोट में बदलेगी?

रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव से पहले धार्मिक आयोजनों की बढ़ती संख्या ने राजनीतिक हलकों में यह सवाल खड़ा किया है कि क्या कथा के मंच पर बनने वाला संपर्क चुनाव में नेताओं के जनाधार को मजबूत करेगा? हालांकि, धार्मिक कार्यक्रमों में जुटने वाली भीड़ को सीधे किसी राजनीतिक दल या नेता के समर्थन के तौर पर नहीं देखा जा सकता। लोग इन आयोजनों में धार्मिक आस्था और कथा सुनने के उद्देश्य से भी पहुंचते हैं। ऐसे में इन आयोजनों का चुनावी असर कितना होगा, यह चुनाव परिणामों से ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल उत्तर प्रदेश में राजनीतिक रैलियों के साथ धार्मिक कथाओं के मंच भी नेताओं की सार्वजनिक गतिविधियों का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं।