अहमदाबाद

वडोदरा में दिल्ली के व्यापारी पर फायरिंग, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

वडोदरा. शहर के वाघोडिया चौकड़ी-वाघोडिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात दिल्ली के मूल निवासी गारमेंट व्यापारी आशीष बाकोलिया (37) पर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी। कार चला रहे व्यापारी के दाहिने हाथ के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से आशीष बाकोलिया गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
2 min read
Delhi Businessman Shot in Vadodara; Case Registered Against Two Accused
व्यापारी आशीष बाकोलिया।

दाहिने हाथ के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल

वडोदरा. शहर के वाघोडिया चौकड़ी-वाघोडिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात दिल्ली के मूल निवासी गारमेंट व्यापारी आशीष बाकोलिया (37) पर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी। कार चला रहे व्यापारी के दाहिने हाथ के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से आशीष बाकोलिया गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही वडोदरा शहर और ग्रामीण पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस उपाधीक्षक पी.एन. पटेल ने बताया कि वाघोडिया चौकड़ी के पास शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति कार से जा रहा था, तभी दो लोग बाइक से आए, कार को ओवरटेक किया और उस पर फायरिंग कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश जारी है। फायरिंग के पीछे व्यक्तिगत रंजिश या कोई अन्य कारण है, इसकी जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
दिल्ली के मूल निवासी व वर्तमान में वाघोडिया रोड स्थित प्राइम सिटी सोसायटी में रहने वाले घायल व्यापारी आशीष बाकोलिया ने बताया कि मैं कार से घर जा रहा था। सिग्नल बंद होने के कारण चौराहे पर रुका था। तभी बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग की और फरार हो गए। पहले तो मुझे समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। बाद में हाथ में दर्द महसूस हुआ तो पता चला कि मुझे गोली लगी है। वडोदरा देश के सुरक्षित शहरों में गिना जाता है, फिर भी ऐसी घटना हुई। फायरिंग करने वालों को मैं नहीं जानता। मेरी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे।
जानकारी के अनुसार, बाइक चालक ने काले रंग का हेलमेट और पीछे बैठे हमलावर ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था। घायल व्यापारी आशीष बाकोलिया ने कार सड़क किनारे रोककर पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सबसे पहले पुलिस मौके पर पहुंची और उसके बाद 108 एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर घायल को एसएसजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद आशीष बाकोलिया को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

Published on:
27 Jun 2026 09:25 pm