अहमदाबाद

गुजरात में 330 स्थानों पर सवा करोड़ से अधिक बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों ने किया योग

12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में किया योग, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर के माणसा में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में किया योग, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने भी अहमदाबाद के योग कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
2 min read
• •
Updated: 21 Jun 2026, 10:48 PM IST
Union Home Minister Amit Shah
अहमदाबाद शहर के प्रहलादनगर गार्डन में योग करते केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह। साथ हैं उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी।

Ahmedabad. 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को गुजरात में 330 स्थानों पर एक साथ सवा करोड़ से अधिक बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं ने योग किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में गांधीनगर के माणसा राज्य स्तरीय योग उत्सव मनाया गया। वहीं अहमदाबाद शहर के प्रहलादनगर गार्डन में आयोजित योग कार्यक्रम में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी व शहर के विधायक ने योग किया। अहमदाबाद शहर में साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने योग किया।

योग दिवस के जरिए वसुधैव कुटुम्बकम का मंत्र हो रहा चरितार्थ: शाह

अहमदाबाद के प्रहलादनगर गार्डन में रविवार को विश्व योग दिवस पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास के दौरान शाह ने दिए संदेश में कहा कि समस्त विश्व के कल्याण (वसुधैव कुटुम्बकम) के मंत्र को चिरतार्थ करने के लिए निरंतर योगाभ्यास आवश्यक है। भारत ऐसा ही कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत द्वारा मानवजाति को दी गई अमूल्य भेंट है, जो मन, शरीर और आत्मा को ऊर्जा प्रदान कर सर्वांगीण सुख-समृद्धि का पोषण करता है। मन, शरीर और आत्मा तीनों के बीच एकात्मता लाने के लिए योग से बड़ा कोई विज्ञान नहीं है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उपस्थित रहे।

योग को राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाएं: मुख्यमंत्री पटेल

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में गांधीनगर के माणसा में रविवार को 12वें विश्व योग दिवस का राज्य स्तरीय उत्सव मनाया गया। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ योग को राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाकर सभी लोग ‘विकसित गुजरात से विकसित भारत 2047’ के प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को साकार करने के कार्य में जुड़ें। योग केवल एक दिन का कार्यक्रम न रहकर हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।

पूरे राज्य में एक साथ लगभग सवा करोड़ से अधिक बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने विभिन्न स्थानों से इस उत्सव में जुड़कर योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि गुजरात योग क्षेत्र में सदैव अग्रसर रहा है। गुजरात राज्य योग बोर्ड द्वारा 1.5 लाख योग प्रशिक्षक तैयार कर देश में सर्वाधिक प्रशिक्षक तैयार करने की उपलब्धि प्राप्त की गई है। राज्य में 5000 से अधिक निःशुल्क योग कक्षाओं के माध्यम से एक वर्ष में 8 लाख से अधिक लोगों को योग से जोड़ा गया है।

राजकोट की 15 मिनट योग सिटी की पहल

राजकोट महानगर पालिका ने योग बोर्ड के साथ विशेष एमओयू कर ‘15 मिनट योग सिटी’ का नूतन दृष्टिकोण अपनाया है, जिसमें शहर के किसी भी स्थान से 15 मिनट की दूरी पर योग केन्द्र उपलब्ध हो, ऐसी व्यवस्था करने का आयोजन है। गुजरात राज्य योग बोर्ड के अध्यक्ष शीशपाल राजपूत ने दैनिक जीवन में योग का महत्व समझाया। साथ ही कॉमन योग प्रोटोकॉल के साथ सभी को योगाभ्यास भी कराया।

Updated on:
21 Jun 2026, 10:48 PM IST
Published on: