अजमेर

राजस्थान: प्रेमी के संग थाने पहुंची युवती, परिजन ने पेट्रोल छिड़क किया आत्मदाह का प्रयास

पन्द्रह दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुई युवती मंगलवार को सुजानगढ़ के समुदाय विशेष के युवक के साथ गंज थाने पहुंची। जांच में युवती के बालिग होने की पुष्टि हुई।
2 min read
Feb 17, 2026
Feature image
असामाजिक तत्वों ने दुकानों में की तोड़फोड़: फोटो पत्रिका

अजमेर। पन्द्रह दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुई युवती मंगलवार को सुजानगढ़ के समुदाय विशेष के युवक के साथ गंज थाने पहुंची। जांच में युवती के बालिग होने की पुष्टि हुई। उसने पुलिस के समक्ष स्वेच्छा से युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने का बयान देते हुए परिजन के साथ जाने से इनकार कर दिया। बेटी को साथ ले जाने की जिद पर अड़े परिजन ने थाने के बाहर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे पुलिसकर्मियों ने तत्परता से विफल कर दिया।

घटना के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने थाने के पास दुकानों में तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ दिया। प्रारम्भिक जानकारी में गंज थाना क्षेत्र की कचोड़ी-पकोड़ी की दुकानों तथा कोतवाली क्षेत्र के एक शराब ठेके में नुकसान की बात सामने आई। सूचना पर गंज व कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हुड़दंग कर रहे युवकों को खदेड़ा। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

परिजन ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

पुलिस के अनुसार 2 फरवरी को युवती के लापता होने पर परिजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को युवती प्रेमी के साथ चूरू एसपी के समक्ष पेश हुई और मंगलवार सुबह गंज थाने पहुंची। पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच में वह बालिग पाई गई। युवती ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ रह रही है।

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती

पड़ताल में सामने आया कि मध्यप्रदेश निवासी परिवार दो साल से अजमेर में रह रहा था। युवती की युवक से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई और डेढ़ साल पहले किशनगढ़ में दोनों मिले। चार माह पहले बालिग होने के बाद वह युवक के साथ सुजानगढ़ चली गई, जहां उसे दोस्त के पास ठहराया गया था।

युवती की मां ने आरोप लगाया कि बेटी कुछ समय से परेशान होने की बात कह रही थी और रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। देर शाम पुलिस ने युवती को उसकी इच्छा के अनुसार सुरक्षा में सुजानगढ़ रवाना किया, जबकि परिजन घर लौट गए।

इनका कहना है…

लापता युवती को दस्तयाब कर लाया गया था। परिजन के सामने युवती ने बयान में समुदाय विशेष के युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रहने व साथ जाने की इच्छा जाहिर की। युवती की मर्जी पर उसे रवाना किया है। दुकानों में तोड़फोड़ के मामले में शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

महावीरसिंह राठौड़, थानाप्रभारी, गंज

Updated on:
17 Feb 2026 09:55 pm
Published on:
17 Feb 2026 09:55 pm
Also Read
View All