अजमेर

घर के बाहर सब्जी खरीदती महिला के गले से तोड़ी चेन

मदार माधव कॉलोनी में वारदात, सीसीटीवी में नजर आए लुटेरे

2 min read
Jun 27, 2025
घर के बाहर सब्जी खरीदती महिला के गले से तोड़ी चेन

अजमेर(Ajmer News). शहर में अपराध व अपराधी फिर से सिर उठाने लगे हैं। गुरूवार सुबह मदार जेपी नगर में दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवक घर के बाहर सब्जी खरीद रही महिला के गले पर झपट्टा मार सोने की चेन तोड़कर ले गए। जिस तरह से वारदात अंजाम दी गई उससे अपराधी बेखौफ नजर आए। आरोपी वारदात अंजाम देकर फरार हो गए। अलवर गेट थाना पुलिस ने पीडि़ता के पति की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसी टीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार मदार जेपी नगर माधव कॉलोनी गली नम्बर 5 निवासी डॉ. सत्यनारायण ताजी ने रिपोर्ट दी कि वह राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में कम्प्यूटर साइंस का विभागाध्यक्ष है। गुरूवार दोपहर करीब एक बजे उसकी पत्नी मनजीत मेघवाल घर के बाहर सब्जी विक्रेता से सब्जी खरीद रही थी। तभी गली में बाइक सवार दो युवक दाखिल हुए। आरोपी उसकी पत्नी मनजीत के गले से एक तोला वजनी सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। उसकी पत्नी ने शोर मचाते हुए उनको पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी तेजगति में बाइक पर मदारपुरा की तरफ फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोपियों का चेहरा साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्जकर आरोपी बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आए बाइक सवार लुटेरे। पत्रिका

पहले रैकी फिर वारदात

डा. ताजी ने बताया कि बाइक सवार लुटेरों ने पहले रैकी कर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी जब उसकी पत्नी सब्जी खरीद रही थी। तब गली में दाखिल हुए तो सीधे आगे चले गए लेकिन दूसरे पल सीकर पब्लिक स्कूल के पास से यू टर्न लेकर लौटे। सब्जी खरीद रही मनजीत के पास से गुजरते हुए गले से चेन तोड़ ली। उसकी पत्नी ने पकड़ने का प्रयास किया।

मदार माधव नगर में चेन स्नेचिंग का शिकार महिला व उसके परिजन।

दिनदहाड़े बेखौफ वारदात

डा. ताजी ने बताया कि आरोपी इतने बेखौफ थे कि उन्हें पकड़े जाने का कतई डर नहीं था। खास बात यह है कि बाइक चला रहे युवक का चेहरा साफ नजर आ रहा है। पीछे बैठे युवक ने स्कार्फ बांध रखा था। मकान के पास एक अन्य मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। वारदात के समय यहां 4-5 मजदूर भी थे लेकिन बाइक सवार लुटेरे बेखौफ होकर उसकी पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़कर फरार हो गए। यहां काम कर रहे श्रमिकों ने पीछा भी किया लेकिन आरोपी कुछ मिनट में फरार हो गए।

Also Read
View All

अगली खबर