
टैंकर को क्रेन की मदद से हटाया गया (फोटो-पत्रिका)
अजमेर। अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मदनगंज-किशनगढ़ क्षेत्र में आरके पाटनी केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित पुलिया पर रिफाइंड पॉम ऑयल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर बड़ी मात्रा में तेल फैल जाने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के गांधीधाम से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर रॉन्ग साइड से आ रहा था। पुलिया के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा रिफाइंड पॉम ऑयल सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क फिसलनभरी हो गई और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
घटना के तुरंत बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। सड़क पर तेल फैला होने और टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर किशनगढ़ और अजमेर से फायर ब्रिगेड की टीमों को भी मौके पर बुलाया। हालांकि, गनीमत रही कि आग नहीं लगी।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में क्रेनों की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा किया गया और उसे सड़क किनारे हटवाया गया। इसके बाद हाइवे पर फैले तेल को साफ करने का काम शुरू किया गया। सड़क पर तेल होने के कारण वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी हुई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य किया जा सका। पुलिस ने बताया कि फरार चालक और खलासी की तलाश की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
Published on:
30 May 2026 06:48 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
