
चौथकाबरवाड़ा. कस्बे स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय का उपखंड अधिकारी चंद्र प्रकाश वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, साफ-सफाई, खेल मैदान और खेल गतिविधियों का जायजा लिया। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को लेकर स्टाफ से चर्चा की।
एसडीएम ने बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में सुधार के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यालय के प्रत्येक स्टाफ सदस्य को एक-एक पौधा गोद लेकर उसकी नियमित देखभाल करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय से पहले कुछ स्टाफ सदस्यों के विद्यालय से चले जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कार्मिकों को विद्यालय समय का पूर्ण पालन करने और विद्यार्थियों के हित में जिम्मेदारी से कार्य करने की हिदायत दी।
प्रधानाचार्य प्रीति गौड़ ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम ने पवन कुमार शर्मा, शैलेन्द्र कुमार सामरिया, खेमराज मीना, राम सिंह मीना सहित अन्य कार्मिकों से विद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा व खेल के क्षेत्र में बेहतर परिणाम के लिए सामूहिक प्रयास और गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।