अजमेर

‘आज बता रहा हूं, किसी को पता नहीं होगा’, डोटासरा ने बेटे-बहू के सिलेक्शन पर पहली बार सार्वजनिक मंच से किया ये खुलासा

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सार्वजनिक मंच से पहली बार बेटे-बहू के सिलेक्शन के आरोपों पर जवाब दिया।
2 min read
Aug 24, 2026
govind singh dotasra
गोविंद सिंह डोटासरा। फोटो: पत्रिका

अजमेर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सार्वजनिक मंच से पहली बार बेटे-बहू के सिलेक्शन के आरोपों पर जवाब दिया। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि 2016 में मेरे बेटे का भी अकाउंट्स में सिलेक्शन हुआ था। आप सब सुनते होंगे इंटरव्यू में 80 नंबर कैसे आ गए? आज बता रहा हूं, किसी को पता नहीं होगा। उस बैच में 144 अभ्यर्थियों के 80 से ज्यादा अंक आए थे और इनमें से 26 ऐसे अभ्यर्थी भी थे, जो 80 या उससे ज्यादा अंक होने के बावजूद चयनित नहीं हुए। डोटासरा ने कहा कि मेरी पुत्रवधू की ऑल राजस्थान में 9वीं रैंक आई थी, पढ़ेंगे तो आगे आएंगे। मेहनत करेंगे तो आएंगे। किसी के पेट में मरोड़ हो तो मैं उनके मरोड़े मिटाने के लिए कब तक चूर्ण खरीदकर देता रहूंगा। आप तो पढ़ो और आगे बढ़ो।

अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा समिति के तत्वावधान में जवाहर रंगमंच पर आयोजित प्रदेश स्तरीय जाट समाज प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 के दौरान राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि ईमानदारी-पारदर्शिता से कामकाज के साथ युवाओं को व्यवसाय, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए। इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य समाज की भावी पीढ़ी को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

केंद्र और राज्य सरकार पर बोला तीखा हमला

डोटासरा ने कहा कि देश में चीनी, तेल, दालों और जरूरी वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार को अपने एजेंडे से ही फुर्सत नहीं है। महंगाई पर चर्चा के बजाय यूसीसी-मंदिर जैसे मुद्दों से देश को उलझाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतें बेतहाशा बढ़ चुकी हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए हैं। आम लोगों से जुड़े मसाले, तेल, दाल-चावल, साबुन-शैम्पू जैसी वस्तुएं घर का बजट बिगाड़ चुकी हैं। लोकसभा-राज्यसभा और विधानसभा में सरकार महंगाई पर चर्चा करना ही नहीं चाहती है। 12 साल में देश में महंगाई से जनता की कमर टूट चुकी है।

पर्ची की सरकार, पर्ची से काम

डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि ढाई साल पहले जनता ने बहुत आशा और विश्वास से भाजपा को सत्ता सौंपी। लेकिन पर्ची से मुख्यमंत्री बनाया और पर्ची से कामकाज हो रहे हैं तो लोग निराश हैं। कोई जनहित की बड़ी योजना शुरू नहीं की। मंत्रियों में परस्पर खींचतान-मतभेद बने हुए हैं। सरकार को दिल्ली के दरबार में धोक देने से ही फुर्सत नहीं है।

अभी तो कई साथ छोड़ेंगे…

अजमेर के पूर्व महापौर के भाजपा छोड़ने के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि अभी तो शुरुआत हुई है। आगे दिल्ली-जयपुर तक कई साथ छोड़ेंगे। इनके पाप का घड़ा भर चुका है। जनता इनका हिसाब करने को तैयार है। अजमेर नगर निगम में लम्बे अर्से से बोर्ड नहीं बनने और परस्पर गुटबाजी के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि जो जमीन पर सक्रिय रहकर काम करेगा, उन्हें टिकट मिलेंगे। वरिष्ठता के साथ युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाया जाएगा। निकाय चुनावों में जो पार्टी को नुकसान पहुंचाएगा, उसका ट्रीटमेंट शीर्ष नेतृत्व करेगा।

Updated on:
24 Aug 2026 08:23 am
Published on:
24 Aug 2026 08:15 am