अजमेर

महंगाई का विरोध : कच्चे चूल्हे पर सेंकी रोटियां, राबड़ी और बनाई चाय, गैस सिलेण्डर को ओढ़ाया ‘कफन’

महिला कांग्रेस का प्रदर्शन : रसोई गैस सिलेंडर व खाद्य सामग्री के दाम बढऩे पर विरोध,कलक्टेट परिसर में जुटे कांग्रेसी,जमीन पर बैठ सजाई रसोई,केन्द्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे

2 min read
Jul 08, 2021
महंगाई का विरोध : कच्चे चूल्हे पर सेंकी रोटियां, राबड़ी और बनाई चाय, गैस सिलेण्डर को ओढ़ाया ‘कफन’

Ajmer अजमेर. कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को महिला कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने चूल्हे पर रोटी, राबड़ी और चाय बनाई। साथ ही सब्जियों की माला पहनकर महंगाई के खिलाफ गुबार निकाला।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष मंजू बलाई, रागिनी चतुर्वेदी, पार्षद रश्मि हिंगोरानी, अरुणा कच्छावा, अभिलाषा विश्रोई सहित कई महिला कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने चूल्हा जलाकर रोटी, चाय और राबड़ी बनाई। सिलेंडर को सफेद कपड़ा-माला पहनाकर श्रद्धांजलि दी गई।

देखो पुराना वक्त आया. . .
महिलाएं हाथ में बैनर और तख्तियां लेकर कलक्ट्रेट पहुंचीं। इसमें देखो-देखो पुराना वक्त आया...महंगाई की मार, जनता लाचार... जैसे नारे लिखे थे। महिलाओं ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम पर पहुंच गई। पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के बढ़ते दाम ने जनता की कमर तोड़ दी है। गरीबों-श्रमिकों और आमजन पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। जो भाजपाई यूपीए सरकार के वक्त महंगाई को मुद्दा बनाते थे, वह आज खामोश हैं।

पहुंचे कांग्रेस नेता

निवर्तमान शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, डॉ. राजकुमार जयपाल, विजय नागौरा सहित कांग्रेस नेता भी धरनास्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार को जनविरोधी और आर्थिक मोर्चे पर विफल बताया।

महिलाओं का दो घंटे प्रदर्शन

मदनगंज-किशनगढ़. महिला कांग्रेस की किशनगढ़ इकाई की ओर से बुधवार को गैस सिलेंडर, पेट्रोल, तेल और खाद्य सामग्री के दाम बढऩे पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने करीब दो घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मुख्य चौराहे पर तपती दोपहरी में सडक़ पर चूल्हा जलाकर रोटियां सेकी। गैस सिलेंडर को महिलाओं ने माला पहनाई और अच्छे दिन लौटाने की मोदी सरकार से मांग की।
प्रदेश महिला कांग्रेस के बैनर तले प्रदेश उपाध्यक्ष हमीदा बानो के नेतृत्व में विरोध स्वरूप हाथों में चूल्हे, गोबर की थापडिय़ां, लकडिय़ों के साथ माला पहनाए गैस सिलेंडर लेकर महिलाएं गांधीनगर से मुख्य चौराहे के लिए सुबह करीब १० बजे रवाना हुई। अच्छे दिन लौटाने की मांग करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष हमीदा बानो समेत सभी महिलाएं करीब १०.१५ बजे मुख्य चौराहे पर पहुंची और देश में बढ़ती महंगाई पर नारेबाजी की और केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लिया। इस दौरान सभी महिलाएं सडक़ पर बैठ गई। गोबर की थापडिय़ों और लकडिय़ों की सहायता से चूल्हे जलाए और रोटियां सेकी। महिलाओं ने सब्जी नहीं बनाई।

प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता नाथूराम सिनोदिया, नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रदीप अग्रवाल, पार्षद सुनीता चौधरी, जन्नत बेगम, अंजू मेघवाल, महेंद्र यादव, तक्की मोहम्मद, किरण अग्रवाल, अजीज मोहम्मद, जगदीश जीनगर, राकेश शर्मा, उमराव बाकलीवाल, सलीम कुरैशी, सुनील मारू, मनसुख शर्मा, मोहित खंडेलवाल, राहुल चौरडिय़ा, रामेश्वर सोलंकी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष तेजपाल बजाड, राजीव चौधरी, बरकत, खेमाराम चौधरी, सलीम, कलसुम शेख, कमलादेवी, गीतादेवी, लक्ष्मा, हंसमल, मायादेवी, खुर्शीदा बानो, लाली, रईसा, हाजरा बानो, बिलकिस, आशा, मधुदेवी, उल्फत बानो आदि कार्यकर्ता शामिल हुए।

Published on:
08 Jul 2021 12:10 am
Also Read
View All