
Ajmer Murder: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो-पत्रिका)
अजमेर। रूपनगढ़ थाना क्षेत्र में प्रेम-संबंधों में बाधा बन रहे युवक की उसी के ममेरे भाई ने हत्या कर दी। आरोपी ने इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस जांच और एफएसएल जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शिव कॉलोनी काचरोदा निवासी प्रीतम कुमार ने रूपनगढ़ थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र महेश कुमार मोटरसाइकिल से ननिहाल बकरवालिया के पास भदूण मेले में जाने के लिए घर से निकला था। 13 अगस्त की सुबह सूचना मिली कि उसका बालाजी मंदिर से पहले छापरी रोड पर एक्सीडेंट हो गया है। यह सूचना बकरवालिया निवासी सुरेश ने दी। उसे बताया गया कि बकरवालिया से घर लौटते समय रात में किसी वाहन की टक्कर से महेश की मौत हो गई।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। परिवादी ने पुत्र की हत्या की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला और किशनगढ़ पुलिस उप अधीक्षक आयुष वशिष्ठ के निर्देशन में टीम गठित की गई।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। जांच में सामने आया कि कथित दुर्घटना के बावजूद मोटरसाइकिल में अपेक्षित टूट-फूट नहीं थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के ममेरे भाई बकरवालिया निवासी किस्तूरमल उर्फ दिनेश को डिटेन कर गहन पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि किस्तूरमल का महेश की पत्नी से प्रेम-प्रसंग था। इसी बात को लेकर पूर्व में महेश से उसका विवाद भी हुआ। रंजिश के चलते उसने महेश को भदूण मेले में घूमने के बहाने बुलाया। बकरवालिया में दोनों ने शराब पी। इसके बाद महेश वापस गांव जाने लगा तो किस्तूरमल उसे भामोलाव तालाब के पास बकरवालिया की सरहद में ले गया और डंडे से सिर व कनपटी पर वारकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मोटरसाइकिल सड़क पर गिराकर इसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने हत्या, हत्या के साक्ष्य मिटाने और वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के संबंध में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
20 Aug 2026 09:34 pm
Published on:
20 Aug 2026 09:34 pm
