जिले के सबसे बड़े राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था राम हवाले है। आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
अलवर. जिले के सबसे बड़े राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था राम हवाले है। आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। अब अस्पताल परिसर के भीतर ही एक युवक के गले पर ब्लेड से हमला हो गया। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति को गाली-गलौज के लिए टोकने पर उसने युवक पर ब्लेड से हमला कर दिया। घायल के गले में पांच टांके आए हैं।
दयानंद नगर राज भट्टा निवासी आशुतोष शर्मा ने बताया कि वह तबियत खराब होने के चलते इलाज के लिए अस्पताल आया था। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह अस्पताल के पार्क में जाकर आराम कर रहा था। इस दौरान एक अज्ञात युवक वहां गाली-गलौज कर रहा था। उसने ऐसा करने से मना किया तो युवक बाहर गया और अचानक उसके गले पर ब्लेड से वार कर दिया। हमले के बाद आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके गले में कई टांके लगाने पड़े। घटना के बाद घायल युवक ने तुरंत अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आए दिन होती है चोरी
अस्पताल परिसर गुंडों और चोरों का अड्डा बनता जा रहा है। आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं। पिछले दिनों ही कतार में लगे एक युवक की जेब से चोर पैसे निकाल ले गए। कई मोबाइल चोरी की घटनाएं भी यहां हो चुकी है। इसके अलावा मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें भी अस्पताल परिसर में हो चुकी हैं।
शराबियों का भी रहता है जमावड़ा
शाम होते ही शराबियों का भी यहां जमावड़ा हो जाता है। जो आपस में झगड़ा करते हैं। पुलिस चौकी होने के बावजूद यहां इस तरह की घटनाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मरीज और उनके परिजन इन घटनाओं से व्यथित हैं। उनका कहना है कि अगर इस तरह की घटनाएं हुई तो लोग सामान्य अस्पताल आना छोड़ देंगे। यहां अस्पताल प्रशासन और पुलिस को मिलकर मरीज व उनके परिजनों को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करानी चाहिए।