अलवर जिले के अखैपुरा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने बेरहमी से एक युवक पर लाठियों से हमला कर दिया।
अलवर जिले के अखैपुरा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने बेरहमी से एक युवक पर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया और उसे बचाने आईं उसकी पत्नी व सास को भी चोटें आई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर मारपीट करते दिख रहे हैं।
पीड़ित सचिन, जो मूल रूप से शालीमार का निवासी है, अपने ससुराल अखैपुरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार रात करीब 11 बजे सचिन अपनी पत्नी सोनू के साथ मोहल्ले में ही हो रही एक अन्य सहेली की शादी में मौजूद था। इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले तीन युवक अचानक हाथों में लाठियां लेकर वहां पहुंचे। तीनों ने यहां पहुंचकर अचानक सचिन को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सचिन कुछ लोगों के साथ सामान्य बातचीत कर रहा था, तभी आरोपी लाठियां लेकर आते हैं और उस पर टूट पड़ते हैं। बचाव के लिए सचिन ने जैसे ही अपना हाथ आगे किया, उसकी हड्डी टूट गई। हमले का विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी सास गायत्री और पत्नी सोनू के साथ भी धक्का-मुक्की की, जिससे गायत्री के सिर में चोट आई है।
पीड़ित सचिन का कहना है कि उसका आरोपियों से कोई पुराना विवाद या रंजिश नहीं है। अचानक हुए इस हमले से पूरा परिवार सदमे में है। सचिन के अनुसार, उसे समझ नहीं आ रहा कि आखिर किस बात की दुश्मनी निकालने के लिए उन पर यह हमला किया गया।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आरोपी वहां से फरार हो गए। रविवार को पीड़ित की पत्नी सोनू ने अखैपुरा थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।