
अलवर नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा) का काम पूरा हो चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिले के 350 वार्डों में कुल 2159 प्रत्याशियों के 2320 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं, जबकि नियमों के अनुरूप नहीं होने पर 489 नामांकन पत्र निरस्त किए गए हैं।
अलवर नगर निगम के 65 वार्डों में जांच के बाद 446 प्रत्याशियों के 465 नामांकन पत्र सही पाए गए हैं, वहीं 132 पर्चे खारिज हुए हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) एवं रिटर्निंग अधिकारी अम्बालाल मीणा ने जानकारी दी कि वैध प्रत्याशी 3 सितंबर दोपहर 3 बजे तक प्रारूप-5 में लिखित सूचना देकर अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं। इसके लिए प्रत्याशी को स्वयं या अपने प्रस्तावक के जरिए रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर पर्चा वापस लेना होगा। जेल या पुलिस हिरासत में होने की स्थिति में अधिकृत व्यक्ति के माध्यम से यह आवेदन दिया जा सकेगा।
नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकान्त कटारा ने कहा कि चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू है। प्रत्याशी या राजनीतिक दल केवल तय स्थानों पर और आरओ (RO) की पूर्व अनुमति से ही पोस्टर, बैनर या होर्डिंग लगा सकते हैं। सरकारी, सार्वजनिक या निजी संपत्तियों पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने पर उसे हटाया जाएगा और संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अलवर नगर निगम सहित विभिन्न पालिकाओं में चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है।