2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar Election: कांग्रेस प्रत्याशी का पर्चा निरस्त, मिनी सचिवालय में देर रात तक धरना

अलवर नगर निगम चुनाव में वार्ड 58 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कुमार का नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में मिनी सचिवालय में देर रात तक धरने पर बैठे रहे और नामांकन निरस्त करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
2 min read
Google source verification
alwar nagar nigam election

धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता (फोटो - पत्रिका)

अलवर नगर निगम चुनाव में वार्ड 58 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कुमार का नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मिनी सचिवालय में देर रात तक धरने पर बैठे रहे। कार्यकर्ताओं ने नामांकन निरस्त करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से मामले की जांच की मांग की।

उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग

धरने की सूचना मिलने पर तहसीलदार सुदीप सिंह मिनी सचिवालय पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनकी आपत्ति और नामांकन निरस्त होने को लेकर शिकायत की जानकारी ली। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ता इस बात पर अड़े रहे कि मामले में उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उनकी बात सुनी जाए।

कांग्रेस नेता राम बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रत्याशी हेमंत कुमार के खिलाफ जिस मामले को नामांकन निरस्त करने का आधार बनाया गया, वह मामला राजीनामे के आधार पर पहले ही समाप्त हो चुका है।


निर्णय की समीक्षा करने की मांग

इसके बावजूद वर्ष 2012 के एक मामले के आधार पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने हेमंत कुमार का नामांकन पत्र खारिज कर दिया। राम बहादुर सिंह ने कहा कि यदि नामांकन को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति थी तो सहायक रिटर्निंग अधिकारी को प्रत्याशी को मौके पर बुलाकर इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्याशी को अपनी बात रखने का अवसर दिए बिना ही नामांकन निरस्त कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर नाराजगी जताई और निर्णय की समीक्षा करने की मांग की।

597 नामांकन पत्र दाखिल

धरने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अंकित गोयल, रमन सैनी, दीनबंधु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। देर रात तक चले विरोध के कारण अलवर मिनी सचिवालय परिसर में राजनीतिक गतिविधियां बनी रहीं। इधर, नगर निगम पार्षद चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच के बाद बड़ी संख्या में पर्चे निरस्त किए गए हैं। नगर निगम के 65 वार्डों के लिए 522 उम्मीदवारों की ओर से कुल 597 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।

132 नामांकन पत्र निरस्त

जांच के दौरान विभिन्न कारणों से 132 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। निरस्त होने वाले नामांकन पत्रों में वार्ड 1 से राशिद, वार्ड 2 से अजीत, वार्ड 3 से रामबाबू सैनी, तेज सिंह, कृष्ण कुमार बैरवा, ऊषा शर्मा, प्रकाश वर्मा और राजेंद्र सैनी शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड 4 से सुमन जाटव, मिथलेश देवी और पुष्पा कुमारी सहित कई अन्य प्रत्याशियों के नामांकन भी निरस्त हुए हैं।

वार्ड 58 के कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कुमार के नामांकन को लेकर शुरू हुआ विरोध अब नगर निगम चुनाव की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में आगे क्या कदम उठाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।