अलवर

Alwar News: अलवर में 100वीं ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली, जुंबा डांस से हुई शुरुआत; ADM ने दिया फिटनेस मंत्र

अलवर में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से 100वीं संडे ऑन साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे केंद्रीय विद्यालय मोतीडूंगरी से शुरू हुई रैली में बच्चों और शहरवासियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। रैली से पहले बच्चों ने जुंबा किया और लोगों को फिटनेस का संदेश दिया।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 12:00 PM IST
alwar news
अलवर में 100वीं संडे ऑन साइकिल रैली (फोटो - पत्रिका)

अलवर शहर में लोगों को सेहत के प्रति जागरूक करने और साइकिल चलाने को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से 100वीं संडे ऑन साइकिल रैली निकाली गई। रैली का आयोजन रानी लक्ष्मी बाई मार्शल आर्ट एकेडमी के सहयोग से किया गया। रविवार सुबह 6 बजे केंद्रीय विद्यालय मोतीडूंगरी से रैली की शुरुआत हुई। इसमें बच्चों सहित शहर के कई लोगों ने भाग लिया।

रैली शुरू होने से पहले बच्चों ने जुंबा किया। संगीत की धुन पर बच्चों ने एक्सरसाइज की और फिट रहने का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों की मौजूदगी में साइकिल रैली रवाना हुई। रैली केंद्रीय विद्यालय मोतीडूंगरी से शुरू होकर मोतीडूंगरी, एसएमडी, आरआर कॉलेज, नेहरू गार्डन और नंगली सर्किल होते हुए वापस मोतीडूंगरी पहुंची। पूरे रास्ते प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

साइकिल चलाना सेहत के लिए फायदेमंद

स्पोर्ट्स साई केंद्र के संचालक शिवकुमार सैनी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीएम सिटी अंबालाल मीणा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए साइकिल चलाना सबसे अच्छा माध्यम है। इससे शरीर सक्रिय रहता है और लोग अपनी दिनचर्या में व्यायाम को शामिल कर सकते हैं। उन्होंने लोगों को नियमित रूप से साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में शहर के बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एनएसजी कमांडो सुनील जोधा, जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा, नवीन स्कूल के प्रिंसिपल राजेश मुखीजा और इंटरनेशनल शूटर यशा सिंह मौजूद रहे।

खेल और फिटनेस से जुड़े लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी रेखा महलावत, अंतरराष्ट्रीय धावक कमला यादव, सामाजिक कार्यकर्ता निर्वाण बोधिसत्व, एकेडमी संचालक दीपक सैनी और पायल सैनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। रास्ते भर प्रतिभागियों ने लोगों को रोजाना साइकिल चलाने और फिट रहने का संदेश दिया।

मंच संचालन रेणू मिश्रा ने किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना और लोगों को रोजाना व्यायाम के लिए प्रेरित करना रहा। 100वीं रैली के आयोजन के साथ ही शहर में फिटनेस और साइकिलिंग को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करने के लिए हुए इस कार्यक्रम में काफी लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया 

Updated on:
29 Nov 2026, 12:00 PM IST
Published on: