अलवर

Alwar News: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में सड़कों पर उतरा यादव समाज, रिलीज रोकने की मांग

अलवर में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में गुरुवार को यादव समाज के सैकड़ों लोग जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय पर एकत्रित हुए और जोरदार प्रदर्शन किया।

less than 1 minute read
Feb 26, 2026

अलवर में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में गुरुवार को यादव समाज के सैकड़ों लोग जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय पर एकत्रित हुए और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘यादव जी की लव स्टोरी नहीं चलेगी’ और ‘लव जिहाद बंद करो’ जैसे नारे लगाए। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।

यादव समाज के अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने बताया कि 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में समाज की लड़की का चित्रण आपत्तिजनक है, जिससे समाज की छवि धूमिल होती है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म के जरिए समाज को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म में उनके सरनेम का उपयोग कर कहानी गढ़ी गई है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे। उनका सुझाव है कि यदि यादव समाज पर फिल्म बनानी है तो ऐतिहासिक और वीरता से जुड़े विषयों पर बनाई जाए। चेतावनी दी गई कि फिल्म अलवर में रिलीज हुई तो सिनेमाघरों में जाकर भी विरोध किया जाएगा।

Updated on:
26 Feb 2026 05:52 pm
Published on:
26 Feb 2026 04:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर