
अलवर शहर में सोमवार को सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। पिछले दिनों की गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से काफी राहत मिली। सुबह के समय मौसम सुहावना होने से लोगों ने भी राहत महसूस की।
जिले के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। मालाखेड़ा कस्बे में सुबह से बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण यहां मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। कई जगह सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
सकट कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में सोमवार सुबह बारिश शुरू हुई। यहां भी रुक-रुककर बारिश का दौर बना हुआ है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई और मौसम में ठंडक घुल गई। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बारिश को लेकर मौसम का आनंद लेते नजर आए। हरसौली क्षेत्र में सुबह से ही गड़गड़ाहट के साथ बारिश हो रही है। बारिश के कारण हरसौली के मुख्य रास्ते पर पानी भर गया। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। मुख्य रास्ते पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी से निकलना पड़ रहा है।
खैरथल में सुबह करीब 6 बजे से तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। तेज बारिश के चलते शहर की कई सड़कें लबालब हो गईं। निचली बस्तियों में भी पानी भर गया। इससे लोगों को घरों से बाहर निकलने और आवाजाही में परेशानी हुई। कुछ इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था को लेकर भी लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह करीब 8 बजे से बारिश का दौर जारी है। यहां कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। लगातार बदलते मौसम के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं बारिश के कारण कई जगह सड़क और रास्तों पर पानी जमा होने से आवाजाही प्रभावित हुई। जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ बारिश होने से मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव वाले इलाकों में परेशानी भी बढ़ी। खासकर निचले क्षेत्रों और मुख्य रास्तों पर पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई।