अलवर

Alwar News: 11 केवी लाइन छूने से कंटेनर में लगी आग, सामान जलकर राख, गंभीर हालत में परिचालक जयपुर रेफर

कंटेनर गुड़गांव से मुंबई की ओर जा रहा था और उसमें वाहनों के स्पेयर पार्ट्स भरे हुए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
2 min read
Mar 26, 2026
alwar fire
आग पर काबू पाते दमकल कर्मी (फोटो-पत्रिका)

अलवर। बहरोड़ क्षेत्र में बुधवार देर रात एक कंटेनर में भीषण आग लगने से उसमें भरा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हादसा गांव शेरपुर के पास हुआ, जहां कंटेनर का ऊपरी हिस्सा 11 केवी विद्युत लाइन से छू गया। इससे कंटेनर में करंट दौड़ गया और चिंगारी उठने के बाद कुछ ही देर में आग भड़क गई।

मिली जानकारी के अनुसार रात करीब सवा एक बजे एक कंटेनर गोकुलपुर की ओर से शेरपुर गांव में पहुंचा था। गांव के अंदर सड़क संकरी होने के कारण चालक कंटेनर को वापस मोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कंटेनर का ऊपरी हिस्सा नीचे लटक रही 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही कंटेनर में करंट फैल गया और चिंगारी उठने के साथ ही टायरों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया।

परिचालक जयपुर रेफर

आग लगते ही चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि इस दौरान कंटेनर में मौजूद परिचालक हादसे में घायल हो गया। घायल परिचालक को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।

रात में लगी आग (फोटो-पत्रिका)

कंटेनर में भरे पार्ट्स जले

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर और उसमें भरे गाड़ियों के पार्ट्स पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

सुबह फिर भड़की आग

ग्रामीणों के अनुसार रात में आग बुझाने के बाद सुबह बंद पड़े कंटेनर में दोबारा आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम फिर मौके पर पहुंची और आग को दोबारा काबू में किया।

गुड़गांव से मुंबई की तरफ जा रहा था कंटेनर

बताया जा रहा है कि कंटेनर गुड़गांव से मुंबई की ओर जा रहा था और उसमें वाहनों के स्पेयर पार्ट्स भरे हुए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना ने क्षेत्र में बिजली लाइनों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
26 Mar 2026 07:06 pm
Published on:
26 Mar 2026 07:06 pm