25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा; तेज रफ्तार वैन की टक्कर से कालबेलिया डांसर की मौत, दो बहनें भी घायल

जैसलमेर शहर के गफूर भट्टा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार वैन ने सड़क किनारे पैदल चल रही तीन बहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
2 min read
Google source verification

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: फोटो पत्रिका नेटवर्क

जैसलमेर। शहर के गफूर भट्टा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार वैन ने सड़क किनारे पैदल चल रही तीन बहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में वैन चालक भी घायल हुआ है। तीनों बहनें जैसलमेर के अलग-अलग होटलों और रिसॉट्‌र्स में कालबेलिया डांस करती थीं।

पुलिस के अनुसार, जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी 18 वर्षीय रवीना अपनी बहनों कल्पना और ममता के साथ सड़क किनारे जा रही थी। इसी दौरान शहर की ओर से आ रही एक तेज गति वैन अनियंत्रित हो गई और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि रवीना करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई और एक मकान की दीवार व वाहन के बीच बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मदद के लिए दौड़े स्थानीय लोग

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को पीछे कर रवीना को बाहर निकाला और टैक्सी के जरिए जवाहिर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रवीना को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर घायल कल्पना और ममता का इलाज जारी है। हादसे में गाड़ी ड्राइवर तोगाराम को भी चोटें आई हैं, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ने हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, वैन चालक तोगाराम खत्री (65) वाहन लेकर शहर की ओर आ रहा था। वहां स्थित तीन नंबर स्कूल के पास बने स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में पसरा मातम

हादसे के बाद पीड़ित परिवार में गहरा मातम छा गया है। रवीना की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में हर तरफ चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, घायल बहनों के अस्पताल में भर्ती होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। परिजन उनकी हालत को लेकर भी बेहद चिंतित हैं और लगातार अस्पताल में मौजूद हैं।