
Delhi-Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। यह दर्दनाक हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 105/000 पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस के ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वह गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।
रफ्तार तेज होने के कारण बस सीधे आगे चल रहे भारी ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वहां को हटाकर हाईवे को सुचारू किया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को फौरन पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव ले जाया गया।
बड़ौदामेव अस्पताल में ड्यूटी इंचार्ज डॉ. धीरेंद्र खंडेलवाल और उनकी मेडिकल टीम ने घायलों का तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इसके बाद कुछ गंभीर घायलों को रेफर कर जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। यहां सीनियर डॉक्टर की देखरेख में उपचार अभी भी जारी है।
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक घायलों में रामजी लाल (45 वर्ष), आठ साल की मासूम बच्ची उर्वशी, कमला देवी, महावीर, सुशीला, हरिनारायण और कंचन कुमावत (47 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी घायल यात्री जयपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लगे जाम को खुलवाने के लिए हाईवे अथॉरिटी और संबंधित एजेंसियों की टीम तुरंत मौके पर एक्टिव हुई।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड में करवाकर यातायात व्यवस्था को फिर से सुचारु रूप से चालू कराया गया। बड़ौदामेव पुलिस इस पूरे मामले की जांच और और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से अपील की है कि वे थकान या नींद आने की स्थिति में गाड़ी चलाने से बचें।